बलरामपुर। जिले में चिह्नित 19 ब्लैक स्पॉट पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम होंगे। अलर्ट, रोड मार्किंग, साइनेज व क्रैश बैरियर से हादसे रोकने की पहल की जा रही है। साथ ही जागरूकता अभियान, गोल्डन ऑवर में चिकित्सा, वाहन सत्यापन व सुरक्षा समितियों का गठन किया गया है।
सड़क हादसों में घायलों और मृतकों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा बढ़ी है। सड़क हादसे में 7.94 फीसदी घायलों व 12.10 फीसदी मृतकों की संख्या बढ़ी है। ब्लैक स्पॉट घोषित किए गए 19 स्थानों पर सुरक्षा संबंधी कार्य कराकर लोगों को हादसों से बचाने का प्रयास शुरू कर दिया गया है। इन जगहों पर अतिरिक्त सावधानी के लिए साइन बोर्ड लगाए जाएंगे। सर्विस रोड पर स्पीड ब्रेकर बनाए जांएगे। एंबुलेंस व क्रेन मशीन के नंंबर सड़कों पर डिस्प्ले किए जांएगे, ताकि लोगों को हादसे में तुरंत मदद मिल सके।
कम दृश्यता के संकेतक, धीमी गति से चलें का बोर्ड, स्पीड लिमिट संकेतक, तेज मोड़ आगे है, ब्लैक स्पॉट चेतावनी बोर्ड, नो ओवरटेकिंग, जोन संकेत, घुमावदार स्थानों पर हॉर्न बजाएं, रिफ्लेक्टिव कैट आई व डिवाइडर मार्किंग व हेडलाइट व फॉग लाइट जलाकर चलें का संकेतक बोर्ड लगाने की जिम्मेदारी लोक निर्माण विभाग के दोनों डिवीजन को सौंपी गई है। (संवाद)
फुलवरिया बाईपास पर हो रहा कार्य
लगातार हादसों के बाद फुलवरिया बाईपास की समस्या दूर कराई जा रही है। सड़क की डिजाइन, साइनबोर्ड, स्पीड लिमिट व अन्य मानकों की तकनीकी जांच कराकर कार्य किया जा रहा है। चौराहे के 100 मीटर दायरे में सड़क किनारे पोल, तार व प्रकाश की व्यवस्था कराई जा रही है। चौराहे के मोड़, गड्ढे, ढाल व ब्लाइंड स्पॉट दूर कराए जा रहे हैं। अब यहां हादसे कम होने की उम्मीद है।
ये हैं जनपद में ब्लैक स्पॉट्स
फुलवरिया बाईपास चौराहा, वीर विनय चौराहा, भगवतीगंज, धुसाह, सेखुइया तिराहा, कल्लाभट्ठा राष्ट्रीय राजमार्ग-730, लौकहवा डिप तुलसीपुर रोड, बहादुरापुर रेलवे क्राॅसिंग गोंडा रोड, चकवा चौकी, शंकरपुरकला, बेलहा मोड़ तुलसीपुर रोड, हरिहरगंज तिराहा, श्रीदत्तगंज चौराहा, भरिया जंगल उतरौला रोड, चुंगीनाका नहरबालागंज, कांदभारी, गालिबपुर, कटिया चौराहा व पिपरी मोड़ बलैक स्पॉट चिह्नित किए गए हैं।
अन्य ब्लैक स्पॉट की भी समस्या कराई जा रही दूर
सड़क हादसों को कम करने के लिए जिले में जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। एआरटीओ बृजेश यादव व यातायात प्रभारी उमेश सिंह संयुक्त टीम लगातार जागरूकता कार्यक्रम कर रही है। अन्य ब्लैक स्पॉट की भी समस्या दूर कराई जा रही है।
-विपिन कुमार जैन, जिलाधिकारी