बलरामपुर। रेलवे विभाग ने जिले के यात्रियों को एक बड़ी सौगात दी है। जिले के चार रेलवे स्टेशनों पर अब मुंबई व दिल्ली जाने वाली ट्रेनों का ठहराव होगा। इसके तहत हमसफर ट्रेन अब जिले के तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर भी रूकेगी। इसी तरह मुंबई जाने वाली ट्रेनों का ठहराव भी गैसड़ी, पचेपड़वा व कौवापुर रेलवे स्टेशन पर भी शुरू होगा।
श्रावस्ती सांसद चौधरी राम शिरोमणि वर्मा ने बताया कि हमसफर ट्रेन पहले केवल जिले के बलरामपुर स्टेशन पर ही रुकती थी। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर में बाहर से आने वाले दर्शनार्थियों की सुविधा के लिए तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर हमसफर ट्रेन के ठहराव की मांग काफी दिनों से की जा रही थी। इसके लिए रेल मंत्री को भी एक पत्र सौंपकर हमसफर, एलटीटी एवं बांद्रा ट्रेनों के ठहराव जिले के अन्य स्टेशनों पर भी किए जाने की मांग की गई थी।
बताया कि रेल मंत्री के निर्देश पर अब हमसफर एक्सप्रेस ट्रेन अब तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर भी रूकेगी। इसके अलावा गोरखपुर से मुंबई जाने वाली एलटीटी व बांद्रा ट्रेन का ठहराव गैसड़ी, पचपेड़वा व कौवापुर स्टेशन पर होगा। जबकि गोरखपुर-आनंद विहार एक्सप्रेस के साथ ही कटिहार-दिल्ली एक्सप्रेस का ठहराव तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर होगा। इसी तरह नकहा जंगल-गोमतीनगर एक्सप्रेस अब पचपेड़वा रेलवे स्टेशन पर भी रूकेगा।