बलरामपुर। परिवार नियोजन कार्यक्रम के तहत जिले के सभी 9 ब्लॉकों में सीएचसी और पीएचसी पर अलग-अलग तिथियों में नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा। शिविर में महिला व पुरुष नसबंदी की सुविधा के साथ परिवार नियोजन के सभी संसाधन उपलब्ध रहेंगे। नसबंदी शिविर के लिए सर्जन एवं उनके टीम की तैनाती भी की गई है।
मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि 13 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उतरौला, 14 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज, 17 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गैसड़ी, 18 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शिवपुरा, 21 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बलरामपुर, 24 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तुलसीपुर, 27 अगस्त को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पचपेड़वा व गेड़ास बुजुर्ग तथा 28 अगस्त को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रेहरा बाजार में नसबंदी शिविर का आयोजन किया जाएगा। सीएचसी तुलसीपुर, पचपेड़वा, गैसड़ी, श्रीदत्तगंज व शिवपुरा में सर्जन डॉ. अरुण कुमार के नेतृत्व में टीम तैनात की गई है। इसी तरह पीएचसी बलरामपुर व सीएचसी उतरौला में डॉ. आरके सिंह के नेतृत्व में टीम मौजूद रहेगी।
सीएचसी गेड़ास बुजुर्ग व पीएचसी रेहरा बाजार में सर्जन डॉ. पीके मिश्रा सेवा के लिए उपलब्ध रहेंगे। इसके अतिरिक्त 21 अगस्त को संयुक्त जिला चिकित्सालय में पुरुष नसबंदी सेवा शिविर का आयोजन होगा जिसमें डॉ. अरुण कुमार अपनी टीम के साथ उपलब्ध रहेंगे। उन्होंने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय व संयुक्त जिला चिकित्सालय में प्रत्येक दिन महिला नसबंदी की सेवा उपलब्ध है। दोनों स्थानों पर कभी भी नसबंदी कराई जा सकती है।