बलरामपुर। सदर ब्लॉक के पीलीभीत गांव में स्थित एसएसबी (सशस्त्र सीमा बल) 9वीं वाहिनी मुख्यालय पर सोमवार को तीन दिवसीय अंतरक्षेत्रीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ। पहले दिन पुरुष व महिला जवानों ने दौड़ एवं फुटबाल प्रतियोगिताओं में अपना दमखम दिखाया।
द्वितीय कमान अधिकारी ऋषिपाल सिंह ने प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। कहा कि एसएसबी जवानों को चुस्त-दुरूस्त रखने के लिए समय-समय पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन कराया जाता है। तीन दिनों तक चलने वाले प्रतियोगिता में बलरामपुर के साथ लखनऊ, लखीमपुर व गोरखपुर के पुरुष एवं महिला जवानों को शामिल होना है। 100 मीटर दौड़ में पुरुष टीम में उप निरीक्षक सामान्य शेरतो संजाथोई, मनीष, अक्षय, शिविन देव, गणेश यादव व रमेश और महिला टीम में पूजा, सुमन कंबोज, मुधमिता, पिंकी व चंद्रप्रभा ने अगले दौर के लिए प्रवेश किया। वहीं 1600 मीटर में पुरुष टीम में आरक्षी चालक देवलाल, आरक्षी सामान्य रमेश, अंकित कूमार, प्रदीप कुमार व अजय कुमार और महिला टीम में सुमन, कंबोज, सविता देवी, मानसी देवी, अर्पिता गुप्ता, मधुमिता, चंदा, चंद्रप्रभा, अमृता व लक्ष्मी ने अगले दौर में प्रवेश किया।