जरवा (बलरामपुर)। एसएसबी 9वीं वाहिनी मुख्यालय पर सोमवार को इंटर सेक्टर खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इसमें वॉलीबॉल में एसएसबी 9वीं वाहिनी तथा कबड्डी में एसएसबी 50वीं वाहिनी की टीम विजेता बनी। विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ एसएसबी 9वीं वाहिनी के कमांडेंट उपेंद्र रावत ने दीप प्रज्जवलित कर किया। प्रतियोगिता में एसएसबी 43वीं बटालियन सिद्धार्थनगर, 22वीं बटालियन महराजगंज, 66वीं बटालियन कैपियरगंज, 9वीं वाहिनी बलरामपुर तथा 50वीं वाहिनी बलरामपुर के जवानों ने भाग लिया।
वॉलीबॉल प्रतियोगिता का फाइनल मैच एसएसबी 9वीं वाहिनी तथा 22वीं वाहिनी बलरामपुर के बीच खेला गया। इसमें 9वीं वाहिनी बलरामपुर की टीम मैच जीतकर विजेता बनी। वहीं कबड्डी का फाइनल मुकाबला 50वीं वाहिनी बलरामपुर और 66वीं वाहिनी कैपियरगंज के बीच खेला गया, जिसमें 50वीं वाहिनी की टीम विजेता रही।
100 मीटर दौड़ में 66वीं वाहिनी के रंजीत कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। 1600 मीटर दौड़ में 50वीं वाहिनी के मंडे भारत ने पहला पुरस्कार जीता। एसएसबी कमांडेंट ने विजेता टीमों व खिलाड़ियों को ट्रॉफी, मेडल और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।