डीएम ने कलेक्ट्रेट में बैठक करके अधिकारियों को जारी किए दिशा-निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। आधार कार्ड को लेकर आ रही समस्या पर अमर उजाला ने चार सितंबर को आधार बनवाने के लिए दो महीने का इंतजार शीर्षक से समाचार प्रकाशित किया था। इसका संज्ञान लेते हुए डीएम पवन अग्रवाल ने प्रयास तेज किए हैं। जिले भर में विशेष कैंप लगाने की तैयारी की जा रही है। संबंधित विभागों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
डीएम ने कलेक्ट्रेट कार्यालय में बृहस्पतिवार को बैठक करके अधिकारियों को आवश्यक निर्देश जारी किया है। पांच किलोग्राम राशन पाने के लिए कार्डधारकों के परिवारों का आधार सत्यापन कराया जा रहा है। इसे लेकर डाकघरों, बैंकों व जनसुविधा केंद्रों पर प्रतिदिन लंबी-लंबी लाइन लगती हैं। भीड़ जुटने को लेकर डीएम ने कड़ी नाराजगी जताई।
जिला पूर्ति अधिकारी, एलडीएम व ईडीएम को कार्डधारकों के परिवारों का आधार सत्यापन कराने का निर्देश दिया। जिला पूर्ति अधिकारी कुमार निर्मलेंदु ने डीएम से बताया कि पात्र व मृतक राशन कार्डधारकों की पहचान के लिए ई केवाईसी कराई जा रही है। जिले में 876 कोटे की दुकानों पर 36779 अंत्योदय व 319217 पात्र गृहस्थी के राशन कार्डधारक जुड़े हैं। इन कार्डों में 1649967 सदस्यों का नाम दर्ज है। सभी सदस्यों की ई-केवाईसी होनी है। अभी तक 50 प्रतिशत सदस्यों की ही ई केवाईसी हो सकी है। अब सितंबर माह तक ई केवाईसी कराने का मौका दिया गया है।
एलडीएम अमित कुमार राजू ने डीएम से बताया कि जिले के 13 बैंकों में आधार कार्ड के सत्यापन कराए जा रहे हैं। सात पोस्ट आफिसों में भी आधार कार्ड का काम कराया जा रहा है। ईडीएम प्रतीक नरेश ने बताया कि 55 जन सुविधा केंद्रों पर भी अंगूठा लगवाकर कार्डधारकों का आधार कार्ड सत्यापन कराया जा रहा है। डीएम ने इन सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिया कि इसमें मिलकर काम करें। आधार कार्ड वेरीफिकेश्न में लोगों को परेशानी न हो। इसके लिए जिले में विशेष कैंपों का आयोजन भी कराया जाए। इस अवसर पर सीडीओ संजीव कुमार मौर्य व एडीएम वित्त एवं राजस्व प्रदीप कुमार मौजूद रहे।