बलरामपुर। पेट्रोल पंपों पर ड्यूटी करने व प्रशिक्षण में रुचि न लेने पर पुलिस अफसरों व कर्मियों पर शिकंजा कसा गया है। सीओ सदर की रिपोर्ट पर एसपी ने जांच कराकर कार्रवाई करने का संज्ञान लिया है। ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले 11 पुलिस अफसरों व कर्मियों के खिलाफ सीओ उतरौला को जांच सौंपी गई है। सीओ की रिपोर्ट के आधार पर एसपी ने कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।
एसपी देवरंजन वर्मा ने शनिवार को बताया कि 25 जून को पुलिस लाइन में जिले के सभी थानों के एंटी रोमियो स्क्वॉयड के पुलिस कर्मियों को विशेष प्रशिक्षण देने के लिए बुलाया गया था। प्रशिक्षण में भाग लेने के बावजूद चार पुलिस कर्मी उनके सवालों का जवाब नहीं दे सके। सीओ सदर कर्मवीर सिंह ने उतरौला कोतवाली की आरक्षी शिल्पा यादव व आरती यादव, कोतवाली गैसड़ी की कांस्टेबिल गीता रानी तथा थाना हरैया के कांस्टेबल अरविन्द सिंह के खिलाफ रिपोर्ट प्रस्तुत की। उतरौला सीओ मनोज कुमार यादव को चारों के खिलाफ जांच करने के आदेश जारी किए गए हैं। इसी प्रकार से अपराधियों पर शिकंजा कसने के लिए जिले के 50 पेट्रोल पंपों पर एक-एक एसआई, आरक्षी व होमगार्ड को तैनात किया गया है।
पेट्रोल भरवाने के लिए पंपों पर आने वाले दोपहिया वाहन चालकों को बिना हेल्मेट, वाहनों के पेपर व ट्रिपलिंग करने पर तत्काल सख्त कार्रवाई करने का कड़ा निर्देश देने के बावजूद सात पुलिस अफसरों ने घोर लापरवाही बरती है। पेट्रोल पंपों पर ड्यूटी में बार-बार निर्देश के बाद भी उच्चाधिकारियों के आदेशों का पालन नहीं किया गया है। सीओ ने इस संबंध में पत्र दिया है। सीओ सदर के पत्र पर एसआई परमानंद, कृष्णानंद, रमेश मिश्र, आरक्षी उदयभान यादव, बृजेश गुप्ता, विंध्याचल मिश्र व हरिद्वार गौड़ के खिलाफ भी सीओ उतरौला को जांच के निर्देश दिए गए है। सीओ उतरौला की जांच रिपोर्ट के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। जो होमगार्ड कार्य में लापरवाही बरतेंगे उनके खिलाफ भी कमांडेंट का पत्र लिखकर एसपी ने कार्रवाई करने की चेतावनी दी है।