बलरामपुर में निकाली गई गागर चादर के जुलूस में शामिल अकीदतमंद।-संवाद
बलरामपुर। नगर के मोहल्ला अंधियारी बाग स्थित हजरत हाफिज मोहम्मद ऐनुल्लाह शाह चिश्ती रहमत उल्लाह अलैह के आस्ताने पर चार दिवसीय सालाना उर्स रविवार की रात करीब 11 बजे शुरू हुआ। रात 11 बजे अकीदत के साथ गागर चादर का जुलूस निकाला गया। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने या मोइन हक मोइन के नारे बुलंद किए।
गागर चादर जुलूस में कमरुद्दीन अंसारी, हाजी नब्बन खां, बदरुद्दीन, मेराज वारसी, तुफैल अहमद, लाल बाबू, मोइनुद्दीन, अजीमुद्दीन, नईमुद्दीन व फैजान आदि शामिल रहे। जुलूस में या वारिस हक वारिस के नारे की भी गूंज रही। जुलूस नगर पालिका से निकलकर वीर विनय चौराहा, सराय फाटक, चौक, गर्ल्स कॉलेज चौराहा व पानी टंकी होते हुए मोहल्ला अंधियारी बाग पहुंचा, जहां हजरत हाफिज मोहम्मद ऐनुल्लाह शाह चिश्ती रहमत उल्लाह अलैह के आस्ताने पर लोगों ने आपसी एकता, कौम की तरक्की, सलामती एवं समाज में अमन-चैन के लिए दुआ मांगी।
अस्ताने के खादिम सब्बू अंसारी ने बताया कि जुलूस निकालने से पूर्व नगर पालिका के पास विशाल लंगर का आयोजन किया गया। जुलूस के दौरान सुरक्षा के कड़े इंतजाम रहे।