बलरामपुर। अवैध टैक्सी व बस स्टैंड के खिलाफ भले ही मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के तेवर सख्त हों लेकिन, यहां पर टैक्सी संचालकों की मनमानी के आगे सिस्टम बेबस है। नगर पालिका प्रशासन ने गोंडा रोड पर सुआंव नाले के पास व बहराइच रोड पर धुसाह के पास टैक्सी स्टैंड स्थल तो बना रखे हैं लेकिन, वहां पर सन्नाटा रहता है। ई रिक्शा हो या टैक्सी, चालक का जहां मन किया वहीं खड़ा होकर सवारी बैठाते हैं। जिम्मेदार इसको लेकर खामोश हैं। पेश है रिपोर्ट :
खाकी की मौजूदगी में भरते हैं सवारी
वीर विनय चौराहे पर यातायात संभालने के लिए हमेशा पुलिस कर्मी मौजूद रहते हैं। चौराहे से कोतवाली नगर की दूरी महज 200 मीटर की है। इस दायरे में ही टैक्सियां व बसें खड़ी कर गोंडा व उतरौला के लिए सवारियां भरी जातीं हैं। कई बार इसको लेकर कार्रवाई की बात कही गई लेकिन, कुछ दिनों बाद ही व्यवस्था फिर बेपटरी हो जाती है।
हमारा यह काम नहीं
झारखंडी के पास बस स्टेशन मोड़ पर टैक्सियां सवारियां भर रहीं थीं। यहां पर तैनात पुलिस कर्मियों का कहना था कि इनको देखना हमारा काम नहीं है। हम तो जाम न लगे, इसके लिए लगाए गए हैं। यहां पर बहराइच के लिए टैक्सियां सवारी भरतीं हैं।
गत साल निरस्त हुआ था ठेका
वर्ष 2022-23 में नगर पालिका ने एक करोड़ सात लाख रुपये से टैक्सी स्टैंड का ठेका किया था। बाद में इसमें अवैध वसूली का मामला आया था। शिकायत के बाद नगर पालिका के तत्कालीन ईओ डॉ. देवेंद्र ने ठेका निरस्त कर दिया था। इसके बाद से व्यवस्था पटरी पर नहीं आ सकी। हालांकि पालिका के ईओ राजमणि कहते हैं कि टैक्सी स्टैंड के लिए स्थल का निर्धारण कर दिया गया है। अब दिखवाते हैं क्या हो सकता है।
सीओ से करेंगे बात
एसडीएम सदर व पालिका के प्रशासक राजेंद्र बहादुर कहते हैं कि वाहनों के लिए अलग स्थल निर्धारित हैं। इसके लिए कर्मियों को लगाया गया था। अब अगर दोबारा से मनमानी की जा रही है तो सीओ से बात कर समस्या का समाधान कराया जाएगा।
संयुक्त टीम बनाकर होगी कार्रवाई
एआरटीओ अरविंद यादव का कहना है कि पुलिस, पालिका व परिवहन की संयुक्त टीम बनाकर इस पर कार्रवाई की जाएगी। जिसका जो स्थल नियत है, वहीं पर उसे खड़ा कराया जाएगा। अगर कहीं पर नियमों की अनदेखी हुई तो कार्रवाई की जाएगी।