बलरामपुर। उत्तर प्रदेश मदरसा शिक्षा परिषद की परीक्षा बुधवार को जिले के आठ केंद्रों पर शुरू हुई। दो पालियों में हुई परीक्षा में 756 ने परीक्षा छोड़ दी। अधिकारियों ने केंद्रों का भ्रमण कर व्यवस्था का जायजा लिया।
बुधवार को डीएवी इंटर कॉलेज बलरामपुर, मदरसा अबरारूल उलूम, मदरसा जामिया मोइनिया निशवा कॉलेज गैड़ासबुजुर्ग, हाजी इस्माइल इंटर कॉलेज, मदरसा फजले रहमानिया पचपेड़वा, मदरसा जामिया अरबिया मदारूल उलूम, एमवाई उस्मानी इंटर कॉलेज उतरौला तथा ताहिरा गर्ल्स इंटर कॉलेज में परीक्षा हुई।
पहली पाली में 2198 पंजीकृत परीक्षार्थियों में से 1701 ने परीक्षा दी। दूसरी पाली में 2221 पंजीकृत छात्रों में से 1962 ने परीक्षा दी। दोनों पालियों में 756 ने परीक्षा छोड़ दी है। डीआईओएस गोविंद राम ने बताया कि डीएवी इंका का निरीक्षण किया गया, यहां पर कुछ परीक्षार्थी गमछा गले में डाले हुए थे, सतर्कता की दृष्टि से उसे उतरवा कर परीक्षा कराई गई। परीक्षा सीसीटीवी कैमरे की निगरानी में हुई।
कराई गई स्क्रीनिंग परीक्षा
मुख्यमंत्री अभ्युदय योजना के बलरामपुर केंद्र पर ऑनलाइन और ऑफलाइन माध्यम से प्राप्त 447 आवेदनों के आधार पर बुधवार को स्क्रीनिंग परीक्षा का आयोजन किया गया। इसमें संघ लोक सेवा आयोग, राज्य पीसीएस, नीट, जेईइ, एनडीए और विभिन्न एकदिवसीय परीक्षाओं में सम्मिलित होने जा रहे अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला विषय समन्वयक सचिन कुमार सिंह ने बताया कि परीक्षा के नियंत्रक मनोज कुमार, अनुज तिवारी एवं रमेश ने परीक्षा का अनुश्रवण किया।