जिले के तीनों तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का हुआ आयोजन
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। सदर तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में शनिवार को नई बाजार की साफिया व हाजिरा बेगम फरियाद लेकर पेश हुई। साफिया ने बताया कि पहले उनकी पेंशन आती थी। दो साल से पेंशन का पैसा खाते में नहीं आ रहा है। हाजिरा ने बताया कि उनको सात महीने से पेंशन नहीं मिल रही है। पेंशन न आने की शिकायत नगर पालिका व तहसील कार्यालय में कई बार कर चुकी हैं लेकिन, सुनवाई नहीं हो रही है।
शिकायत सुनने के बाद सीडीओ हिमांशु गुप्ता ने अधिकारियों को कार्रवाई का आदेश दिया। वहीं, भीखपुर गांव के बाबूलाल ने उनके जमीन का अंश अलग ने करने की शिकायत की। कहा कि उसने कई बार लेखपाल व कानूनगो को उसके जमीन का अंश अलग कराने के लिए प्रार्थना पत्र दिया, लेकिन उन लोगों ने कोई कार्रवाई नहीं।
अवैध कब्जे की शिकायत से परेशान दिखे ग्रामीण
ग्राम सुदर्शनजोत के ग्रामीणों ने चकमार्ग पर अवैध कब्जे की शिकायत की। बचान सिंह, कमलेश कुमार व ठाकुर प्रसाद ने बताया कि उन लोगों के खेत से जुड़ा चकमार्ग है। चकमार्ग पर गांव के कुछ लोग अवैध तरीके से अतिक्रमण कर लिया है, इससे आवागमन प्रभावित हो रहा है। ग्राम बदलपुर के रामनरेश ने भी गांव के चकमार्ग पर अवैध कब्जा किए जाने का शिकायत किया। डीएम को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
सुबह से ही लग गई भीड़
तुलसीपुर तहसील में आयोजित स्तरीय समाधान दिवस में सुबह से ही फरियादियों की भीड़ जुट गई। सभागार के बाहर फरियादियों की लंबी कतार देखने को मिली। तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय समाधान दिवस में जिलाधिकारी पवन अग्रवाल व एसपी विकास कुमार ने फरियादियों की शिकायतें सुनी। समाधान दिवस में भूमि विवाद व वृद्धा एवं विधवा पेंशन से संबंधित शिकायतें देखने को मिली।
10 से 12 बजे तक रोज सुनें फरियादियों की शिकायत
बलरामपुर। तुलसीपुर तहसील सभागार में आयोजित जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता जिलाधिकारी पवन अग्रवाल ने की। उन्होंने समाधान दिवस में आए अधिकारियों को हिदायत दी कि प्रतिदिन सुबह 10 बजे से 12 बजे तक कार्यालय में बैठक फरियादियों की शिकायत सुनें। भूमि विवाद एवं लॉ एंड ऑर्डर के दृष्टि से संवेदनशील मामलों में राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा मौके पर जाकर मामले का निस्तारण कराए जाने का निर्देश दिया। एसडीएम तुलसीपुर अभय सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी सहित तमाम अधिकारी मौजूद रहे।