बलरामपुर। जिले के 11 थानों में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन हुआ। इसमें राजस्व के साथ ही पुलिस से जुड़े कई मामले दर्ज हुए। इस दौरान तुलसीपुर कोतवाली में पहुंचे पुरानी बाजार के श्रीकांत त्रिपाठी ने नगर पंचायत से अपनी जमीन वापस दिलवाने की गुहार लगाई। मौजूद एसडीएम अभय कुमार सिंह ने नगर पंचायत के ईओ को इस मामले का निस्तारण प्राथमिकता पर कराए जाने का निर्देश दिया।
पीड़ित ने बताया कि उसके घर के पीछे पड़े खाली जमीन राजस्व अभिलेखों में उसके नाम दर्ज है। जबकि नगर पंचायत बार- बार इसे अपना बता कर उस पर काबिज कब्जे को हटाने के लिए परेशान कर रही है। इसी तरह ग्राम गुदरा निवासी जग प्रसाद ने गांव के एक व्यक्ति पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप लगाया। बताया कि उसकी पत्नी बहू व नाबालिक बच्चों को बेरहमी से मारा पीटा गया है। क्षेत्राधिकार राघवेंद्र प्रताप सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।
गैसड़ी थाने में दर्ज पैमाइश के दो मामलों में टीम ने मौके पर जाकर निस्तारण कराया। श्रीदत्तगंज थाने के देवरिया मैनहा में तालाब की जमीन पर दबंगों के कब्जे का मामला आया। इसी तरह उतरौला, कोतवाली नगर समेत अन्य थानों में शिकायतें आईं। जिनके निराकरण के लिए राजस्व व पुलिस की टीमें बनाई गई हैं। जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने बताया कि मामलों का निस्तारण गुणवत्तापूर्ण कराने का निर्देश दिया गया है।