उतरौला/महराजगंज तराई (बलरामपुर)। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना से शनिवार को जिले के तीन तहसीलों में समारोह का आयोजन किया गया। इसमें 349 युगल जोड़े धार्मिक रीति-रिवाज के साथ विवाह के पवित्र बंधन में बंधे। इस मौके पर मौजूद जनप्रतिनिधियों व प्रशासनिक अफसरों ने वर-वधू को उपहार, प्रमाण पत्र व 35 हजार रुपये का प्रतीकात्मक चेक देकर उनके मंगलकारी दांपत्य जीवन की कामना की।
सदर ब्लॉक में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में बलरामपुर ब्लॉक व नगर पालिका व श्रीदत्तगंज ब्लॉक से आवेदन करने वाली बेटियों की शादी कराई गई। सदर विधायक पल्टूराम, नगर पालिका बलरामपुर के चेयरमैन धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, सदर बीडीओ सागर सिंह ने 59 बेटियों की शादी कराई।
उतरौला में आयोजित शादी समारोह में उतरौला ब्लॉक व नगर पालिका, रेहरा बाजार व गैड़ासबुजुर्ग ब्लॉक की बेटियों की शादी संपन्न हुई। यहां पर 138 जोड़ों की शादी हुई। इनमें 127 जोड़े सात फेरे लेकर तथा 11 जोड़े निकाह कबूल कर दांपत्य जीवन में सूत्र में बंधे। इस अवसर पर उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा की पत्नी सुनीता वर्मा, उतरौला नगर पालिका चेयरमैन प्रतिनिधि अनूप चंद्र गुप्त सहित मौजूद अन्य लोगों ने नवदंपतियों को उपहार भेंटकर बधाई दी।
तुलसीपुर ब्लॉक मुख्यालय कौवापुर के साथ ही हरैया सतघरवा ब्लॉक, तुलसीपुर ब्लॉक व नगर पंचायत, गैसड़ी ब्लॉक व नगर पंचायत तथा पचपेड़वा ब्लॉक व नगर पंचायत से आवेदन करने वाली बेटियों का विवाह भी धूमधाम से हुआ। यहां विवाह के लिए जुटे 152 युगल जोड़ों का विवाह मुख्य अतिथि देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, गैसड़ी के पूर्व विधायक शैलेश कुमार सिंह की मौजूदगी में संपन्न हुआ।