पीड़ित ने थाना दिवस में अधिकारियों से लगाई न्याय की गुहार
डीएम व एसपी ने सादुल्लाहनगर थाने में सुनी फरियाद
फोटो-6
संवाद न्यूज एजेंसी
बलरामपुर। साहब! मैंने एक जमीन का बैनामा कराया था। विपक्षी बैनामे की जमीन पर रास्ता खोलना चाहते हैं। मना करने पर मारपीट करने पर उतारू हो जाते हैं। विपक्षी दबंग किस्म के लोग हैं। हमें न्याय दिलवा दीजिए। यह फरियाद शनिवार को गौरा चौराहा थाने पर ग्राम लिलवा निवासी मोल्हूराम ने एएसपी नम्रिता श्रीवास्तव व नायब तहसीलदार अनुपम कुमार के सामने की। अधिकारियों ने राजस्व टीम को मौके पर जाकर कर मामले का निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
इसी थाने पर ग्राम सेवरहा निवासी विजय मौर्या ने प्रार्थना पत्र दिया कि गांव की एक महिला ने पानी निकलने वाले रास्ते पर अवैध कब्जा करके बंद कर दिया है, जिससे बारिश के पानी का बहाव नहीं हो पाता है। प्रभारी निरीक्षक तेज नारायन गुप्ता ने बताया कि थाने पर 6 प्रार्थना पत्र आए। सभी मामले राजस्व से संबंधित होने के कारण मौके पर एक का भी निस्तारण नहीं हो सका। हरैया थाने में भविनयापुर निवासी राज कुमारी ने जमीन विवाद व कटकुइयां निवासी राम सूरत ने जमीन पर अवैध कब्जा की शिकायत की।
नगर कोतवाली में ग्राम झुनझुनिया निवासी अखिलेश कुमार ने शिकायत किया कि विपक्षी घर के खिड़की के बगल दीवार उठाकर रोशनदान बंद करना चाह रहे हैं। मोहल्ला खलवा निवासी हरिओम पाठक ने शिकायत किया कि उनका खेत जरौड़ापुर में स्थित है। विपक्षी खेत में ट्रैक्टर-ट्राॅली आने-जाने के लिए रास्ता रोक दिया है। अब वह खेत नहीं पहुंच पा रहे हैं। सीओ बृजानंद राय व नगर कोतवाल विमलेश सिंह ने सभी मामलों का निस्तारण कराने के लिए राजस्व व पुलिस टीम को निर्देशित किया।
गैसड़ी कोतवाली में तीन प्रार्थना पत्र आए, जिसमें से एक प्रार्थना पत्र का मौके पर निस्तारण किया। दो मामले राजस्व के होने के कारण उन्हें निस्तारित नहीं किया जा सका। महराजगंज तराई थाने में समाधान दिवस की अध्यक्षता सीओ राधा रमण सिंह ने किया। उन्होंने थाने पर आए 6 शिकायती पत्रों को राजस्व व पुलिस की टीम बनाकर समय सीमा के अंदर निस्तारण कराने का निर्देश दिया।
कानूनगो व लेखपाल पर कार्रवाई का निर्देश
शनिवार को रेहरा बाजार व सादुल्लाहनगर थाने में डीएम अरविंद सिंह व एसपी केशव कुमार ने थाना समाधान दिवस की अध्यक्षता की। भूमि विवाद से जुड़े मामलों में लापरवाही बरतने पर डीएम ने कानूनगो नईम अहमद व कृष्ण कुमार मिश्र तथा लेखपाल बेचन राम शास्त्री के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई किए जाने का निर्देश दिया। उन्होंने लेखपाल एवं कानूनगो को अपने क्षेत्रों के जमीनी विवाद से जुड़े मामलों की राजस्व व पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर मौके पर जाकर निस्तारण कराने का निर्देश दिया।