बलरामपुर। साहब! शादी में मोटरसाइकिल न देने पर अब ससुरालीजन आए दिन परेशान करते हैं। बीते दिनों तो उन्होंने मुझे मारपीट कर घर से निकाल दिया है। अब मैं कहां जाऊं, मुझे न्याय दिलाएं। यह फरियाद उतरौला तहसील में आयोजित संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंची सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के रामपुर ग्रिंट मुन्डहा गांव से आई पीड़िता जैनब ने मौजूद डीएम व एसपी से लगाई।
संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता कर रहे जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने इसे गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को मौके पर जाकर पीड़िता की समस्या का समाधान कराने का निर्देश दिया। थाना रेहरा बाजार के रेवती रमण विश्वकर्मा ने अपनी शिकायत बताते हुए कहा कि मैंने मुकेश सिंह की बजाज एजेंसी से दो नवंबर 2021 को एक बाइक खरीदी थी। दो साल बाद भी एजेंसी ने बाइक से संबंधित कोई कागजात नहीं दिया। इस कारण आए दिन जुर्माना चुका कर परेशाना होना पड़ता है। डीएम ने मौजूद एसडीएम को इस मामले में त्वरित कार्रवाई कर पीड़ित को राहत दिलाने के लिए कहा।
उतरौला कस्बे के मोहल्ला आर्यनगर निवासी राजेंद्र कृष्ण ने वीरेंद्र कृष्ण के खिलाफ मकान कब्जा किए जाने की शिकायत की। इस मामले में भी डीएम ने संबंधित अधिकारियों प्राथमिकता पर परेशानी दूर कराने का निर्देश दिया। पुलिस अधीक्षक केशव कुमार ने भी थानों पर लंबित शिकायतों का निस्तारण निर्धारित समय में गुणवत्तापूर्ण ढंग से किए जाने का निर्देश मौजूद सीओ व थानाध्यक्षों को दिया। इस दौरान कुल 45 पीड़ितों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई। सुनवाई के दौरान एसडीएम , सीएमओ, पीडी, डीडीओ, बीएसए सहित सभी विभागों के अधिकारी व पुलिस अफसर मौजूद रहे।
सदर तहसील सभागार में एसडीएम सदर राजेंद्र बहादुर व एएसपी नम्रता ने पीड़ितों की शिकायत को सुना। यहां 48 में से छह मामलों का निस्तारण मौके पर हुआ। इसी तरह तुलसीपुर में एसडीएम अभय सिंह व सीओ राघवेंद्र सिंह ने 24 शिकायतों की सुनवाई करते हुए छह मामलों को दोनों पक्षों की सहमति के आधार पर मौके पर ही निस्तारित कराया।