बलरामपुर। दादरा, ठुमरी व गजल विधाओं के प्रतिभान गायकों को बेगम अख्तर पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये की धनराशि देकर सम्मानित किया जाएगा। चयनित कलाकारों को अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र भी मिलेगा। 15 जुलाई तक आवेदन करने वाले कलाकारों को योजना में शामिल किया जाएगा।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने बुधवार को बताया कि निर्देशक संस्कृति निदेशालय लखनऊ की तरफ से मल्लिका-ए-गजल बेगम अख्तर की स्मृति में दादरा, ठुमरी व गजल विधाओं के ऐसे प्रतिभावान गायक जिनकी आयु 40 वर्ष से कम न हो उन्हें बेगम अख्तर पुरस्कार से सम्मानित किया जाएगा। ऐसे कलाकारों से आवेदन पत्र मांगा गया है। 15 जुलाई तक आवेदन करना अनिवार्य है।
आवेदन के बाद चयनित कलाकारों को पुरस्कार के तहत पांच लाख रुपये की नकद धनराशि, अंगवस्त्र व प्रशस्ति पत्र भेंट स्वरूप प्रदान किया जाएगा। इस पुरस्कार का उद्देश्य, दादरा, ठुमरी व गजल के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का जौहर दिखाने वाले कलाकारों को बढ़ाने के लिए है।
आवेदन पत्रों का परीक्षण निदेशक सांस्कृतिक निदेशालय उत्तर प्रदेश की तरफ से गठित परीक्षण समिति करेगी। विभागीय मंत्री की अध्यक्षता में गठित चयन समिति सर्वश्रेष्ठ कलाकारों के नाम की संस्तुति मुख्यमंत्री को भेजेंगे।
बेगम अख्तर पुरस्कार के लिए 15 जुलाई तक संगीत नाटक अकादमी लखनऊ, भारतेंदु नाटक अकादमी, अयोध्या शोध संस्थान, राष्ट्रीय कथक संस्थान लखनऊ, गीत एवं नाटक प्रभार लखनऊ, उत्तर मध्य क्षेत्र सांस्कृति संस्थान इलाहाबाद, भारतीय सांस्कृति संबंध परिषद लखनऊ, आकाशवाणी केंद्र लखनऊ, दूरदर्शन केंद्र लखनऊ तथा उत्तर प्रदेश में स्थित विश्वविद्यालयों में संगीत संकाय के डीन/हेड तथा प्रदेश के सभी मंडलायुक्तों एवं जिलाधिकारी कार्यालयों के माध्यम से निर्धारित प्रारूप पर आवेदन प्राप्त किया जा सकता है।