बलरामपुर। सिद्धार्थ विश्वविद्यालय की परीक्षाएं 29 फरवरी से प्रारंभ हो रही हैं। विश्वविद्यालय की परीक्षा को देखते हुए एमएलके महाविद्यालय परीक्षा केंद्र पर मंगलवार को प्रवेशपत्र लेने के लिए विद्यार्थियों की भीड़ जुटी। परीक्षा को लेकर महाविद्यालय प्रशासन तैयारियों में जुट गया है।
एमएलके महाविद्यालय के प्राचार्य व केंद्राध्यक्ष डॉ. एनके सिंह ने बताया कि परीक्षार्थियों को प्रवेशपत्र लेने में किसी भी तरह की असुविधा न हो इसके लिए कई काउंटर बनाए गए हैं। अलग-अलग कक्षाओं के लिए अलग-अलग काउंटर की व्यवस्था की गई है। प्रवेशपत्र का वितरण सही ढंग से हो इसके लिए नियंता मंडल के सदस्य सभी काउंटरों की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय से संबद्ध बलरामपुर व श्रावस्ती जिले के सभी महाविद्यालयों को उत्तर पुस्तिका व प्रश्नपत्र वितरण के लिए एमएलके महाविद्यालय को ही नोडल केंद्र बनाया गया है। नकलविहीन परीक्षा संपन्न कराने के लिए महाविद्यालय में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। परीक्षा की निगरानी के लिए कई सचल दस्ते बनाए गए हैं।