फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

धमकी से सहमे युवक ने जान दी

विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। तुलसीपुर थाना क्षेत्र के चमरबोझिया गांव में एक युवक ने जान से मारने की धमकी मिलने पर दहशत में कुएं में कूदकर जान दे दी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। युवक के मामा ने थाने में तहरीर देकर एक स्कूल संचालक पर भांजे की कनपटी पर रिवाल्वर लगाकर धमकाने का आरोप लगाया है। पुलिस ने आरोपों की जांच के बाद केस दर्ज कर कार्रवाई की बात कही है।
विज्ञापन

ग्राम प्रेमनगर निवासी लालजी सिंह (24) प्रेमनगर नथईडीह गांव में अपनी नानी के पास रहकर उनकी सेवा और वहीं के मंदिर की देखभाल करता था। शनिवार रात लालजी चमरबोझिया गांव में अपने मामा के घर के पास कुएं में कूद गया। गांव के लोगों ने आनन-फानन किसी तरह लालजी को कुएं से निकाला मगर तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
मृतक के मामा नवरत्न सिंह ने पुलिस को तहरीर दी है। इसमें कहा कि उनका भांजा लालजी सिंह प्रेमनगर नथईडीह गांव में अपनी नानी व मंदिर की देखभाल करता था। बीते दिनों वह मंदिर की रंगाई-पुताई कराने के लिए परिसर में लगे सागौन के पेड़ों को कटवाना चाहता था। मंदिर के बगल में ही गांव के एक व्यक्ति प्राइवेट स्कूल चलाते हैं। उन्होंने भांजे को पेड़ कटवाने से रोक दिया था।
विज्ञापन

नवरत्न का आरोप है कि स्कूल संचालक की नीयत मंदिर के पास की जमीन व पेड़ों पर कब्जा करने की है। इसी के चलते स्कूल संचालक ने लालजी सिंह की कनपटी पर रिवाल्वर रखकर जान से मारने की धमकी भी दी थी। इससे सहमे लालजी सिंह ने जान की सुरक्षा के लिए लोगों से मदद भी मांगी लेकिन किसी ने उसकी नहीं सुनी।
नवरत्न के मुताबिक धमकी से सहमा लालजी सिंह तीन दिन पहले उनके घर आ गया था। दिमागी रूप से परेशान तथा दहशत में होने के चलते शनिवार रात उसने कुएं में कूदकर जान दे दी। नवरत्न सिंह ने पुलिस से आरोपी स्कूल संचालक के खिलाफ केस दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
तुलसीपुर इंस्पेक्टर अवधेश राज सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। मृतक के मामा नवरत्न सिंह की तहरीर में लगाए गए आरोपों की जांच की जा रही है। जांच के बाद मामले में अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें