बलरामपुर। आजादी के अमृत महोत्सव की समाप्ति पर केंद्र सरकार की तरफ से मेरी माटी मेरा देश अभियान शुरू किया गया है। इसके तहत देश भर में नौ से 30 अगस्त तक विविध कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। इसी अभियान के तहत स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग व बलिदान को याद करने के लिए जिले के सभी 793 ग्राम पंचायतों में शिलाफलकम (स्मारक पट्टिका) का निर्माण कराया जाएगा। शिलाफलकम पर गांव के वीर शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नाम अंकित किए जाएंगे। साथ ही स्मारक पट्टिका पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का संदेश भी उकेरा जाएगा।
आजादी का अमृत महोत्सव 15 अगस्त को समाप्त हो रहा है। मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत जिले के प्रत्येक गांव से मिट्टी भरा कलश देश की राजधानी दिल्ली भेजा जाएगा। इसी अभियान के तहत गांवों में शिलाफलकम स्थापित किए जाएंगे। जिसपर गांव के बलिदानियों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के नामों का उल्लेख किया जाएगा। शिलाफलकम अमृत सरोवर, पंचायत भवन अथवा विद्यालय के पास स्थापित किए जाएंगे।
अभियान के तहत गांवों में वीरों का वंदन कार्यक्रम के तहत वीर शहीदों व स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के स्वजनों को समारोहपूर्वक सम्मानित किया जाएगा। गांवों में अमृत वाटिका का निर्माण कराकर कम से कम 75 पौधे रोपित किए जाएंगे।
मुट्ठी में मिट्टी लेकर लेंगे शपथ
गांवों में 15 अगस्त को ध्वजारोहण के बाद ग्रामीणों को मुट्ठी में मिट्टी लेकर पंच प्रण की शपथ दिलाई जाएगी। भारत को वर्ष 2047 तक विकसित देश बनाने में सहयोग करने, एकता और एकजुटता के लिए कर्तव्यबद्ध रहने, नागरिक के कर्तव्यों को निभाने, देश की रक्षा करने वालों का सम्मान करने व गुलामी की मानसिकता को जड़ से निकाल फेंकने की शपथ दिलाई जाएगी।
ब्लॉक स्तर पर चल रही तैयारी
मेरी माटी मेरा देश अभियान के तहत आयोजित होने वाले कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार करने के लिए ब्लॉक स्तर पर तैयारियां चल रही हैं। सभी खंड विकास अधिकारी व पंचायत सचिव को गांव में होने वाले कार्यक्रमों की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
- संजीव कुमार मौर्य, सीडीओ