बलरामपुर के महदेइया बाजार में दंगल में जोर आजमाइश करते पहलवान। संवाद
श्रीदत्तगंज। क्षेत्र के महदेइया बाजार में शनिवार को दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का आयोजन हुआ। सदर विधायक पल्टूराम और ब्लॉक प्रमुख हेमंत जायसवाल ने पहलवानों से हाथ मिलवाकर किया। इसके बाद जैसे ही मुकाबलों का सिलसिला शुरू हुआ, अखाड़ा रोमांच से भर गया।
जम्मू-कश्मीर के फैजल गनी ने अपने मजबूत कंधों और तेज पकड़ का प्रदर्शन करते हुए बिल्ला पहलवान को पलभर में घुमाकर पटक दिया। इस दांव पर दर्शक दीर्घा से वाह-वाह की आवाजें गूंज उठीं। सबसे आकर्षक मुकाबला फकीर बाबा और शेरा के बीच देखने को मिला। दोनों पहलवानों ने एक-दूसरे को कई बार कसकर पकड़ा, कभी कमर दांव तो कभी पैर फंसाकर गिराने की कोशिश की। अंततः फकीर बाबा ने चपलता दिखाते हुए पलटवार किया और शेरा को संतुलन खोने पर मजबूर कर जीत अपने नाम कर ली। हरियाणा के मनोज और बनारस के मनोज के बीच हुआ, मुकाबला बराबरी पर छूटा। राजस्थान के बिल्ला और हरियाणा के राजेश के बीच हुए मुकाबले में बिल्ला ने कंधा दांव लगाकर बढ़त बनाई। वहीं नेपाल के राजू थापा ने तेजी दिखाते हुए बिल्ला को चित कर दिया।
निर्जला और पूनम में चला लंबा मुकाबला
महिला वर्ग के मुकाबले भी कम रोचक नहीं रहे। हरियाणा की निर्जला और इटावा की पूनम ने अखाड़े में जबरदस्त संतुलन, पकड़ और फुर्ती का प्रदर्शन किया। दोनों के बीच लंबी जद्दोजहद चली और दर्शकों ने हर चाल पर तालियां बजाईं। इसमें निर्मला ने जीत दर्ज की। बाबा लाडी और चंबल के प्रदीप के बीच मुकाबला हुआ। कई मिनट तक दोनों एक-दूसरे को गिराने की कोशिश करते रहे, अंत में बाबा लाडी ने अचानक पैर झटका दांव लगाकर बाजी मार ली। अंतिम मुकाबले में फैजल गनी ने फिर अपनी पकड़ और संतुलन का कमाल दिखाते हुए प्रदीप को पराजित कर दिन का सबसे यादगार समापन किया।