बलरामपुर। परिवार नियोजन के लिए नवविवाहितों को दी जाने वाली नई पहल किट (शगुन किट) का वितरण ठप हो गया है। जिले में 7,740 के सापेक्ष अभी तक मात्र 4,960 शगुन किट की आपूर्ति हुई है। 2,780 शगुन किट की आपूर्ति होनी अभी बाकी है। लक्ष्य के सापेक्ष शगुन किट की आपूर्ति न होे पाने से इसका वितरण ठप हो गया है।
परिवार नियोजन के प्रति जागरूकता के लिए सरकार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा नवविवाहितों को शगुन किट का वितरण किया जा रहा है। इसके लिए ब्लॉकवार लक्ष्य निर्धारित किया गया है। लक्ष्य के अनुसार बलरामपुर ब्लॉक में 1202, हरैया सतघरवा में 1040, तुलसीपुर में 1001, गैसड़ी में 938, रेहरा में 934, पचपेड़वा में 830, श्रीदत्तगंज में 606, गैड़ास बुजुर्ग में 558 व उतरौला ब्लॉक में 541 के अतिरिक्त अरबन पीएचसी क्षेत्र में 90 शगुन किट का वितरण किया जाना है। इस तरह सभी ब्लॉकों में वितरण के लिए 7,740 शगुन किट की डिमांड की गई थी। एसीएमओ डॉ. जयप्रकाश ने बताया कि अभी तक दो शिफ्ट में कुल 4,960 शगुन किट प्राप्त हुईं हैं। शेष 2,780 किट की आपूर्ति नहीं होने से इसका वितरण ठप हो गया है। उन्होंने बताया कि शेष किट आने पर वितरण किया जाएगा।
शगुन किट में हैं 14 सामान
परिवार नियोजन को बढ़ावा देने के लिए स्वास्थ्य विभाग की तरफ से कार्यक्रम चलाए जा रहे हैं। इसी क्रम में सरकार ने नवविवाहितों को शगुन किट देने का फैसला लिया है। सरकार का उद्देश्य शगुन किट के माध्यम से नवविवाहितों को परिवार नियोजन के प्रति जागरूक करना है। शगुन किट में विवाह पंजीकरण फॉर्म, पंपलेट, स्वच्छता बैग, तौलिया, कंघी, बिंदी, नेलकटर, दो रुमाल व एक छोटा शीशा के साथ दो पैकेट कंडोम, दो गर्भनिरोधक गोलियां, तीन आपातकालीन गर्भनिरोधक गोलियां, एक पैकेट साप्ताहिक गर्भनिरोधक गोलियां तथा दो प्रेग्नेंसी जांच किट रखी हैं।
अभी 2,780 शगुन किट आनी बाकी हैं। एक सप्ताह के अंदर लक्ष्य के सापेक्ष शगुन किट उपलब्ध होने की संभावना है। पर्याप्त मात्रा में शगुन किट उपलब्ध होते ही लक्ष्य के अनुसार सभी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों पर किट भेज दी जाएगी। वहां से आशा के माध्यम से गांवों में नवविवाहितों को शगुन किट का वितरण किया जाएगा। डॉ. सुशील कुमार, सीएमओ बलरामपुर