बलरामपुर। रेहरा बाजार ब्लॉक परिसर में बुधवार को ग्राम पंचायत सचिवों व हेडमास्टरों की बैठक की गई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए बीडीओ नीति श्रीवास्तव ने सभी ग्राम पंचायत सचिवों को हेडमास्टरों के साथ समन्वय बनाकर स्कूलों को सात पैरामीटर पर कायाकल्प कराने का निर्देश दिया।
बीडीओ ने कहा कि स्कूलों का कायाकल्प कराना शासन की प्राथमिकता में है। शासन की प्राथमिकता वाले कार्य में कोई भी ग्राम पंचायत सचिव कोताही न बरते। 28 फरवरी तक रेहरा बाजार शिक्षा क्षेत्र के सभी स्कूलों में कायाकल्प की प्रक्रिया पूरी कराकर उन्हें रिपोर्ट उपलब्ध कराई जाए जो शासन को भेजी जाएगी।
बैठक का संचालन करते हुए बीएसए कार्यालय के डीसी निर्माण एनके सिंह ने कहा कि शासन ने स्कूलों को कायाकल्प कराने के लिए सात पैरामीटर निर्धारित किए हैं। स्कूल के सभी हेडमास्टर व शिक्षक कंपोजिट ग्रांट से ब्लैक बोर्ड स्वयं दुरुस्त कराएंगे। ग्राम पंचायत के माध्यम से बच्चों की संख्या के आधार पर छात्र छात्राओं के अलग अलग शौचालय व मूत्रालय क्रियाशील रहने की स्थिति में कराए जाएंगे।
ग्राम पंचायत की तरफ से स्वच्छ पेयजल, मल्टीपल हैंडवॉशिंग, जल निकासी का इंतजाम कराया जाएगा। स्कूलों की मरम्मत, फर्श की मरम्मत, किचन शेड का जीर्णोद्घार, टायल्स व इंटरलॉकिंग होने पर स्कूल को कायाकल्प माना जाएगा। बैठक में एडीओ पंचायत सुरेश कुमार चौधरी सहित सभी ग्राम पंचायत सचिव, हेडमास्टर व शिक्षक मौजूद रहे।