बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों में आठवीं पास कर चुके 12 बच्चों ने श्रेष्ठा योजना की प्रवेश परीक्षा पास की है। अब ये सभी बच्चे कक्षा नौ से 12वीं तक की पढ़ाई केंद्र सरकार द्वारा संचालित किए जा रहे आवासीय विद्यालय में करेंगे। वहां उनके पढ़ने से लेकर रहने, खाने व पाठ्य सामग्री का खर्च सरकार उठाएगी।
भारत सरकार की श्रेष्ठा योजना के प्रवेश परीक्षा का परिणाम रविवार को जारी कर दिया गया है। परीक्षा में कंपोजिट विद्यालय किठुरा श्रीदत्तगंज से आठवीं पास करने वाली दामिनी व साक्षी गौतम, उच्च प्राथमिक विद्यालय लालबोझी के छात्र अंगद कनौजिया, आर्यन व भारत, कंपोजिट विद्यालय बंजरिया हुसैन के छात्र सूर्य देव कनौजिया, उच्च प्राथमिक विद्यालय बिजुआ कला के छात्र रामचरण व कंपोजिट विद्यालय सहजौरा के छात्र शिवम और सौरभ का चयन हुआ है। जिले के नोडल शिक्षक ब्रजेश कुमार द्विवेदी ने बताया कि क्षेष्ठा योजना से संचालित होने वाले स्कूलों में कुल 2500 सीटें हैं। विद्यार्थियों द्वारा काउंसिलिंग कराए जाने के बाद चयनित बच्चों को विद्यालय आवंटित किया जाएगा। बच्चों की इस उपलिब्ध पर डीआईओएस गोविंद राम व बीएसए कल्पना देवी ने बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।