बलरामपुर। रबी की फसलों की बोआई के लिए किसानों को बीज की उपलब्धता में परेशानी न हो, इसके लिए कृषि विभाग ने विशेष व्यवस्था की है। रविवार को अवकाश के दिन भी जिले के सभी राजकीय कृषि बीज भंडार खुले रहेंगे। केंद्रों पर तैनात कर्मचारी किसानों की मदद करने के साथ उन्हें बीज का वितरण भी करेंगे। जिले के सभी बीज भंडारों पर पर्याप्त मात्रा में बीज उपलब्ध है।
जिला कृषि अधिकारी उपेंद्र नाथ खरवार ने बताया कि रबी 2026-27 के तहत किसानों को अनुदान पर गेहूं और मसूर का सामान्य बीज उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं, सरसों का बीज मिनीकिट निशुल्क दिया जाएगा। योजना का लाभ लेने के लिए किसान 30 नवंबर तक विभागीय पोर्टल agriculture.up.gov.in के माध्यम से अपने नजदीकी जनसेवा केंद्र अथवा राजकीय कृषि बीज भंडार पर बुकिंग करा सकते हैं।
उन्होंने बताया कि आवेदन के आधार पर ऑनलाइन लॉटरी के माध्यम से फार्मर आईडी धारक किसानों का चयन किया जाएगा। चयनित किसानों को विकासखंड स्तर पर स्थित राजकीय कृषि बीज भंडारों से बीज वितरित किया जाएगा। एक किसान को अधिकतम एक ही प्रजाति का निशुल्क बीज दिया जाएगा। जिला कृषि अधिकारी ने किसानों से अंतिम तिथि का इंतजार किए बिना समय से बुकिंग कराने की अपील की है।