बलरामपुर। राप्ती नदी में अलग-अलग घटनाओं में लापता हुए दो लोगों की तलाश नहीं हो सकी। सहकारी गन्ना समिति के संचालक तेज बहादुर सिंह (64) और ललिया क्षेत्र की गायत्री देवी (65) का बृहस्पतिवार को दूसरे दिन खोज अभियान चला। दोनों की तलाश में एसडीआरएफ-एनडीआरएफ की टीमों के साथ स्थानीय गोताखोर नदी में तलाश किए, लेकिन तेज बहाव और कटान के कारण सफलता नहीं मिली।
नगर के राप्ती पुल से मंगलवार देर शाम तेज बहादुर सिंह की बाइक और चप्पल मिली थीं। गोंडा के खरगूपुर क्षेत्र के चंडालपुरवा निवासी तेज बहादुर बलरामपुर में सहकारी गन्ना समिति में संचालक थे और फुलवरिया चौराहे के पास बेटे के साथ रहते थे। वहीं, ललिया क्षेत्र के चौका कला के मजरे गंगा बख्श भगड़ निवासी गायत्री देवी बुधवार शाम राप्ती किनारे गई थीं। कटान के कारण मिट्टी खिसकने से वह गहरे पानी में चली गईं। सीओ डीके श्रीवास्तव ने बताया कि एनडीआरएफ और स्थानीय गोताखोर तलाश में जुटे हैं। सीओ अभिषेक सिंह ने बताया कि नदी में तलाश की जा रही है।