फोटो-25-बलरामपुर के रेहरा बाजार में स्कूली वाहन की जांच करते एआरटीओ व अन्य।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। जिले में स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर परिवहन विभाग ने सख्त रुख अपनाया है। मंगलवार को निजी स्कूलों के वाहनों की विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के पहले ही दिन एक स्कूली वाहन का 15 हजार रुपये का चालान किया गया। वहीं बिना हेलमेट और सीट बेल्ट के वाहन चलाने पर भी कार्रवाई हुई है।
परिवहन विभाग ने इंटीग्रेटेड स्कूल मोटर मॉनिटरिंग पोर्टल पर निजी स्कूलों और उनके वाहनों का डाटा फीडिंग कार्य लगभग पूरा कर लिया है। जिले में करीब 170 निजी स्कूलों के कुल 371 स्कूली वाहन पंजीकृत बताए गए हैं। एआरटीओ बृजेश ने बताया कि डाटा संकलन पूरा होने के बाद अब ऐसे वाहनों पर कार्रवाई शुरू कर दी गई है जो सुरक्षा मानकों को पूरा नहीं कर रहे हैं। उतरौला तहसील के रेहरा बाजार क्षेत्र में विशेष अभियान चलाया गया। जांच के दौरान एक स्कूली वाहन में आवश्यक मानकों का उल्लंघन पाए जाने पर 15 हजार रुपये का चालान किया गया। यात्रीकर अधिकारी मदन चंद्र ने बताया कि जिले की विभिन्न तहसीलों में हेलमेट और सीट बेल्ट जांच अभियान भी चलाया गया। इस दौरान 35 बिना हेलमेट दोपहिया चालकों और 15 बिना सीट बेल्ट वाहन चालकों के पर कार्रवाई की गई। कुल 50 वाहनों से करीब डेढ़ लाख रुपये का जुर्माना वसूला गया।