फोटो-5-बलरामपुर के एआरटीओ कार्यालय से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते एआरटीओ अरविंद याद
- फोटो : BALRAMPUR
बलरामपुर। स्कूली वाहनों को फिटनेस कराने के लिए 30 मई तक का अल्टीमेटम दिया गया है। 30 मई के बाद 119 स्कूली वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र की समयावधि पूरी हो जाएगी, इसके बाद ये स्कूली वाहन सड़क पर चलने नहीं दिए जाएंगे। जिले के लोगों को यातायात नियमों की जानकारी देने के लिए शनिवार को सड़क सुरक्षा जागरूकता के लिए दो प्रचार वाहन रवाना किए गये।
एआरटीओ अरविंद यादव ने बताया कि जिले के 167 स्कूलों में 332 वाहनों का संचालन किया जा रहा है। अब तक सिर्फ 213 वाहनों की फिटनेस स्कूल संचालकों ने कराई है। बाकी बचे 119 स्कूल संचालकों को वाहनों की फिटनेस कराने के लिए निर्देश दिया गया है। 30 मई के बाद 119 वाहनों के फिटनेस प्रमाणपत्र की अवधि समाप्त हो जाएगी। बिना फिटनेस के सड़क पर स्कूली वाहन नहीं चल सकेंगे।
एआरटीओ ने बताया कि परिवहन मंत्रालय के निर्देश पर शनिवार को दो प्रचार वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया है। दोनों प्रचार वाहन जिले के लोगों को सड़क सुरक्षा नियमों के प्रति जागरूक करेंगे। सीओ सिटी वरुण मिश्र के नेतृत्व में वीर विनय चौराहे पर सघन चेकिंग अभियान चलाया गया, जिसमें वाहन चालकों की जांच की गई। इस दौरान खामियां पाए जाने पर दो वाहन सीज किए गये और 38 वाहनों का चालान किया गया। कार्यक्रम के दौरान उमेश कुमार यादव, बशीर अहमद, राहुल आदि मौजूद रहे।