बलरामपुर। कोरोना महामारी को हराने के लिए जिले के सभी सरकारी दफ्तरों, शहरों व ग्रामीण बाजारों में शनिवार को सैनिटाइजेशन अभियान चलाया गया। जिले के चारों नगर निकायों में ईओ व सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ की तरफ से सैनिटाइज कराया गया।
एसपी हेमंत कुटियाल के निर्देशन व एएसपी अरविंद मिश्र के पर्यवेक्षण में पुलिस की तरफ से दफ्तरों की साफ-सफाई कर सैनिटाइजेशन किया गया। कोरोना संक्रमण पर काबू पाने के लिए जिले में अभियान चलाया गया।
डीएम श्रुति के निर्देश पर नगर पालिका परिषद बलरामपुर व उतरौला और नगर पंचायत तुलसीपुर व पचपेड़वा में ईओ ने अपने-अपने नगरों के सभी वार्डो को कोरोना महामारी से बचाव के लिए सैनिटाइज कराया।
जिन इलाकों में कोरोना के केस मिले हैं वहां साफ सफाई के साथ सैनिटाइजेशन का भी कराया गया। नगर पालिका परिषद बलरामपुर की अध्यक्ष किताबुन्निशा के प्रतिनिधि शाबान अली के नेतृत्व में वार्डों को सैनिटाइज कराया गया।
डीपीआरओ नीलेश प्रताप सिंह के निर्देशन में जिले के सभी 9 ब्लॉकों में बीडीओ, एडीओ पंचायत व ग्राम पंचायत सचिवों की टीमों ने जिन इलाकों में कोरोना महामारी के केस मिले हैं वहां सैनिटाइज कराया गया।
एएसपी की निगरानी में कोरोना महामारी को ध्यान में रखते हुए आवासीय व कार्य स्थलों की साफ सफाई की गई। एएसपी ने कहा कि हमारे फिट रहे बिना इस महामारी संकट के समय में जनता की सेवा करना असंभव है। एसपी के निर्देश पर सभी पुलिस अफसरों व कर्मियों ने अपने निवास व कार्य स्थलों की सफाई व सैनिटाइजेशन किया।
एएसपी ने अपने आवास परिसर की साफ सफाई की और सैनिटाइज कराया। चारों सर्किल के सीओ ने भी अपने आवासों की साफ सफाई करके सैनिटाइजेशन कराया। कोतवाली व थानों के थानों के साथ-साथ पुलिस लाइन, मीटिंग हाल, पूजा स्थल, हॉस्टल, बैरक, भोजनालय, लॉकर व आवासीय परिसर आदि की साफ सफाई की गई और सैनिटाइजेशन किया गया।