बलरामपुर। नगर पालिका परिषद में आउटसोर्सिंग के तहत कार्य करने वाले एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पिछले दिनों पॉजिटिव मिलने पर हड़कंप मच गया है। नगर पालिका के कर्मचारी पूरी तरह सतर्क हो गए हैं। 58 कर्मचारियों ने कोरोना की जांच के लिए सैंपल दिया है।
पिछले दिनों नगर पालिका में आउटसोर्सिंग के तहत प्रकाश स्तंभों की लाइट जलाने व बुझाने वाले एक कर्मचारी की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई थी। कर्मचारी की रिपोर्ट पॉजिटिव मिलने पर अधिशासी अधिकारी ने सीएमओ से पालिका कर्मियों की कोरोना जांच के लिए सैंपल लिए जाने का अनुरोध किया था। ईओ के अनुरोध पर सीएमओ ने नगर स्वास्थ्य टीम को पालिका कर्मचारियों की जांच के लिए सैंपल लेने का निर्देश दिया।
सीएमओ के निर्देश पर नगर स्वास्थ्य टीम ने मोहल्ला गदुरहवा स्थित पानी टंकी परिसर में पहुंचकर 58 पालिका कर्मियों का सैंपल लिया है। टीम के सदस्य व नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के फार्मासिस्ट समीर सिद्दीकी ने बताया कि तीन दिनों के बाद सबकी रिपोर्ट आ जाएगी।