उतरौला/तुलसीपुर/बलरामपुर। संपूर्ण समाधान दिवस में जिले के तीनों तहसीलों में 160 फरियादियों ने न्याय की गुहार लगाई। अफसरों ने पीड़ितों की शिकायतें सुनते हुए 15 मामलों का मौके पर निस्तारण कराया। तुलसीपुर तहसील सभागार में जिला स्तरीय समाधान दिवस का आयोजन हुआ।
सदर तहसील सभागार में आयुक्त व डीआईजी ने फरियादियों की समस्याएं सुनीं। उतरौला तहसील सभागार में एडीएम ने समस्याएं सुनीं। तुलसीपुर तहसील सभागार में जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस की अध्यक्षता एसडीएम विनोद कुमार सिंह ने की। जिला स्तरीय संपूर्ण समाधान दिवस में 62 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। मौके पर छह का निस्तारण कराया गया।
एसडीएम ने सभी अधिकारियों को प्रार्थना पत्रों का समय से एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से निस्तारण कराने की जिम्मेदारी सौंपी। अपर सीएमओ डॉ. कमाल अशरफ, अपर डीएफओ अनिल कुमार श्रीवास्तव, पीडी एके सिंह, जिला समाज कल्याण अधिकारी एमपी सिंह, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी पवन कुमार सिंह, एक्सईएन जल निगम मनोज कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।
सदर तहसील सभागार में आयुक्त देवीपाटन मंडल महेंद्र कुमार व डीआईजी डॉ. राकेश सिंह ने समाधान दिवस का औचक निरीक्षण किया। आयुक्त ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं और अफसरों को तत्काल शिकायतों का निस्तारण कराने का निर्देश दिया। प्रात: 9 से 11 बजे तक कार्यालय में न बैठने वाले अफसरों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की चेतावनी दी।
आयुक्त व डीआईजी ने पिछले संपूर्ण समाधान दिवस के प्रार्थना पत्रों के निस्तारण की समीक्षा की। एसडीएम सदर डॉ. नागेंद्र नाथ यादव की अध्यक्षता में फरियादियों की शिकायतें सुनी गईं। कुल 34 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए जिसमें दो का मौके पर निस्तारण कराया गया।
इस अवसर पर तहसीलदार रोहित कुमार मौर्य आदि मौजूद रहे। उतरौला तहसील सभागार में एडीएम अरुण कुमार शुक्ल की अध्यक्षता में समाधान दिवस कराया गया। इस दौरान 64 प्रार्थना पत्र प्रस्तुत किए गए। सात का मौके पर निस्तारण कराया गया। इस अवसर पर एसडीएम अरुण कुमार गौड़ व सीओ मनोज कुमार यादव आदि मौजूद रहे।