बलरामपुर। ग्रामीण क्षेत्र के अस्पतालों में बिना बताए गायब रहना चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की आदत बन गई है। शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निरीक्षण में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर में चिकित्साधिकारी सहित तीन स्वास्थ्यकर्मी अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने सभी का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ ने गैसड़ी ब्लॉक के गिरधरडीह व जीवडीह गांव में आयोजित ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस का निरीक्षण किया। सीएमओ के निरीक्षण में एएनएम मुन्नी व रिंकी सिंह गर्भवती व नवजात का टीकाकरण करते मिलीं। निरीक्षण के समय तक दोनों एएनएम ने 16 बच्चों, आठ किशोरी व 11 गर्भवती को टीका लगाया था। सीएमओ ने दोनों एएनएम को निर्देश दिया कि गांव में कोई भी गर्भवती व बच्चा नियमित टीकाकरण से वंचित न रहे। इसके बाद सीएमओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जनकपुर का निरीक्षण किया। निरीक्षण में चिकित्साधिकारी डॉ. अंसार खान, स्टाफ नर्स रंजना भारती और लैब टेक्नीशियन अशोक कुमार मौर्य अनुपस्थित पाए गए। सीएमओ ने तीनों कर्मियों का वेतन रोकते हुए स्पष्टीकरण मांगा है।
सीएमओ ने सीएचसी गैसड़ी के अधीक्षक डॉ. अरविंद कुमार को निर्देश दिया कि चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों की उपस्थिति सुनिश्चित कराएं। जो चिकित्सक व कर्मचारी समय से अस्पताल नहीं आते हैं, उनको चिह्नित कर सूचना दें, ताकि उनके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जा सके। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र व बीपीएम भानू शुक्ल आदि मौजूद रहे। (संवाद)