फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: स्कूलों में होगा सुरक्षा ऑडिट, विशेषज्ञ जांचेंगे आपदा से निपटने की तैयारी

Fri, 11 Sep 2026 11:16 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। जिले के सरकारी और सहायता प्राप्त विद्यालयों में अब स्कूल सुरक्षा ऑडिट एवं जोखिम मूल्यांकन कराया जाएगा। इसके तहत विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था, आपदा से निपटने की तैयारियों और संभावित जोखिमों की जांच की जाएगी। मूल्यांकन के लिए बेनेट, कोलमैन एंड कंपनी को कार्यदायी संस्था के रूप में चयनित किया गया है।
विज्ञापन


जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि परियोजना के तहत जिले के सभी विद्यालयों का चरणबद्ध ढंग से सुरक्षा ऑडिट किया जाएगा। प्रत्येक चयनित विद्यालय में तीन सदस्यीय विशेषज्ञ दल पहुंचेगा। इसमें सिविल एवं स्ट्रक्चरल विशेषज्ञ, फायर एवं इलेक्ट्रिकल सेफ्टी विशेषज्ञ तथा डिजास्टर मैनेजमेंट/फील्ड ऑडिटर शामिल होंगे। टीम समर्पित मोबाइल एप के माध्यम से विद्यालय की सुरक्षा से संबंधित जानकारियां दर्ज करेगी।

बीएसए ने बताया कि ऑडिट के दौरान विद्यालय भवन की संरचनात्मक और गैर-संरचनात्मक सुरक्षा, अग्नि एवं विद्युत सुरक्षा, आपदा जोखिम, आपातकालीन तैयारियों और विद्यालय सुरक्षा प्रबंधन की स्थिति का आकलन किया जाएगा। इसके अलावा पेयजल एवं स्वच्छता व्यवस्था, दिव्यांगजन के अनुकूल सुविधाओं और अन्य सुरक्षा मानकों की भी जांच होगी। मूल्यांकन राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण की गाइडलाइन तथा केंद्र और प्रदेश सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप किया जाएगा।
विज्ञापन


निरीक्षण के बाद प्रत्येक विद्यालय की सुरक्षा स्थिति और कमियों का विश्लेषण किया जाएगा। इसके आधार पर राज्य स्तरीय विशेषज्ञों की ओर से सुधारात्मक सुझाव दिए जाएंगे। इससे विद्यालयों को अधिक सुरक्षित और आपदा प्रतिरोधी बनाने में मदद मिलेगी।

जिला स्तर पर समन्वय की जिम्मेदारी

परियोजना के लिए अजय कुमार पांडेय को जिला परियोजना प्रबंधक नियुक्त किया गया है। वह डीआईओएस, बीएसए, खंड शिक्षा अधिकारियों सहित संबंधित अधिकारियों के साथ समन्वय करेंगे। बीएसए ने सभी खंड शिक्षा अधिकारियों को परियोजना प्रबंधक और उनकी टीम को आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। साथ ही ऑडिट की प्रगति, अभिलेख और रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा गया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें