फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Balrampur News: घुघुलपुर ओड़ाझार में अब अनिवार्य रूप से रुकेंगी रोडवेज बसें

Tue, 27 Oct 2026 11:06 PM IST
लखनऊ ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, बलरामपुर
विज्ञापन
विज्ञापन
बलरामपुर। घुघुलपुर ओड़ाझार के पास रहने वाले लोगों, विद्यार्थियों और पर्यटकों के लिए राहत भरी खबर है। परिवहन निगम ने बलरामपुर-श्रावस्ती राष्ट्रीय राजमार्ग पर स्थित घुघुलपुर ओड़ाझार को नियमित बस स्टॉप घोषित कर दिया है। अब यहां रोडवेज बसों का अनिवार्य रूप से ठहराव होगा। इससे क्षेत्र के लोगों को आवागमन में सहूलियत मिलेगी।
विज्ञापन


घुघुलपुर ओड़ाझार के पास ही प्रसिद्ध बौद्ध स्थल सहेट-महेट स्थित है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में पर्यटक पहुंचते हैं। इसके अलावा घुघुलपुर में राजकीय पॉलिटेक्निक भी संचालित है, जहां दूरदराज के क्षेत्रों से विद्यार्थी पढ़ने आते हैं। इसके बावजूद अब तक इस स्थान पर रोडवेज बसों का नियमित ठहराव नहीं होता था। इससे विद्यार्थियों, पर्यटकों और स्थानीय यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ता था।

क्षेत्र के मोहित जायसवाल, पंकज पांडेय, राहुल गुप्त, कमलेश शर्मा और राजू पांडेय ने बताया कि कई विद्यार्थियों ने बलरामपुर से घुघुलपुर तक आने-जाने के लिए मासिक सीजन टिकट (एमएसटी) भी बनवा रखे हैं। इसके बावजूद चालक और परिचालक बसें नहीं रोकते थे। इस समस्या को लेकर पहले जिलाधिकारी से भी बसों का नियमित ठहराव सुनिश्चित कराने की मांग की गई थी।
विज्ञापन


बलरामपुर डिपो के सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक गोपीनाथ दीक्षित ने बताया कि घुघुलपुर ओड़ाझार के पास नियमित बस स्टॉप घोषित कर दिया गया है। यहां रोडवेज बसों का अनिवार्य रूप से ठहराव कराया जाएगा। यदि कोई चालक या परिचालक निर्धारित स्टॉप पर बस नहीं रोकता है तो उसके खिलाफ विभागीय कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि यात्रियों की सुविधा परिवहन निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

डग्गामार वाहनों से मिलेगी मुक्ति

घुघुलपुर ओड़ाझार के पास रोडवेज बसों का नियमित ठहराव नहीं होने के कारण यात्रियों को ई-रिक्शा, टेंपो और अन्य डग्गामार वाहनों से आवागमन करना पड़ता था। जिला मुख्यालय से करीब 15 किलोमीटर दूर होने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी होती थी। ओड़ाझार के अर्पण पांडेय और मनीष ओझा ने बताया कि अब रोडवेज बसों के ठहराव से यात्रियों को डग्गामार वाहनों का सहारा नहीं लेना पड़ेगा। इससे आवागमन अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें