फोटो-32-बलरामपुर के इटैहिया गांव में ग्रामीणों द्वारा बनया गया पुल ।-संवाद
ललिया। थाना क्षेत्र के ग्राम सभा बनघुसरी के इटहिया गांव में हालिया बाढ़ के दौरान हेंगहा पहाड़ी नाले की तेज धारा से गांव का मुख्य संपर्क मार्ग कट गया था। इससे ग्रामीणों का आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया। रास्ता टूट जाने के कारण लोगों को आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। कई लोग फिसलकर चोटिल हो गए, जबकि स्कूली बच्चों का विद्यालय जाना भी बंद हो गया था। समस्या के समाधान के लिए ग्रामीणों ने प्रशासनिक मदद का इंतजार करने के बजाय स्वयं पहल की। सामूहिक श्रमदान कर बांस और लकड़ी की सहायता से अस्थायी पुल का निर्माण किया, जिससे गांव का आवागमन फिर से सुचारु हो गया। ग्रामीणों ने बताया कि पुल बनने से लोगों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी बड़ी राहत मिली है।
अस्थायी पुल के निर्माण में कमला प्रसाद, केशव राम, मालिक राम, बिनोद गुप्ता, मालिक राम गुप्ता, कृपा राम, छोटकाऊ वर्मा, राम धीरज, जमुना और प्रदीप कुमार सहित कई ग्रामीणों ने श्रमदान कर महत्वपूर्ण योगदान दिया। ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग का स्थायी निर्माण कराने की मांग भी की, ताकि भविष्य में बाढ़ के दौरान ऐसी समस्या दोबारा न हो।