श्रीदत्तगंज (बलरामपुर)। स्थानीय ब्लॉक के चमरूपर से पुरैना वाजिद से जनुका जाने वाला मार्ग काफी जर्जर हो गया है। इससे ग्रामीणों को आवागमन करने में काफी दिक्कताें का सामना करना पड़ रहा है। क्षेत्रवासियों ने डीएम से सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है।
ग्रामीण प्रेम नरायन, रमई, लालू मौर्या, प्रमोद कुमार, छोटन, छेदी मौर्या, राम राज वर्मा व पुजारी आदि ने बताया कि यह सड़क चमरूपुर, बहादुरपुर, गलिबपुर व फत्तेपुर से जनुका को जोड़ती है। सड़क पर जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिससे वाहन तो दूर पैदल चलना दूभर हो गया है। आए दिन लोग दुर्घटनाग्रस्त हो जाते हैं। इसी सड़क से होकर तमाम विद्यालयों के बच्चे पढ़ने स्कूल जाते हैं। बरसात होने पर सड़क की हालत और भी खराब हो जाती है। इन लोगों ने डीएम से सड़क मरम्मत कराए जाने की मांग की है। इस संबंध में एसडीएम उतरौला अवधेश कुमार ने बताया कि सड़क बदहाली की सूचना मिली है। जल्द ही विभागीय अधिकारियों को अवगत कराकर सड़क निर्माण करवाया जाएगा।