बलरामपुर के बहराइच रोड पर दुकान पर लगाया गया लाल निशान ।-संवाद
बलरामपुर। जिला प्रशासन और नगर पालिका की संयुक्त टीम ने शहर को जाम मुक्त और सुगम यातायात बनाने के लिए बड़ा कदम उठाया है। टीम ने वीर विनय चौराहा से पीपल तिराहा तक मुख्य सड़क के दोनों किनारों पर अस्थायी और स्थायी रूप से अतिक्रमण को चिह्नित करते हुए 12-12 मीटर की दूरी पर लाल निशान लगा दिया है। अतिक्रमण करने वाले सभी लोगों को 72 घंटे की मोहलत दी गई है। निर्धारित समय सीमा में स्वयं कब्जा नहीं हटाया गया तो अभियान चलाकर कब्जा हटाया जाएगा।
नगर पालिका, लोक निर्माण विभाग और राजस्व टीम ने पूरे मार्ग का सर्वे कर सड़क के बीच से दूरी नाप कर लाल निशान लगाए। इसकी जद में आने वाले हिस्से को अतिक्रमण की श्रेणी में रखा गया है। टीम ने दुकानदारों और मकान मालिकों को नोटिस देकर निर्देश दिया है कि वे निर्धारित सीमा से बाहर के निर्माण को खुद हटाकर समतल कर लें, ताकि कार्रवाई के दौरान नुकसान से बचा जा सके। प्रशासनिक सर्वे के अनुसार, इस कार्रवाई से एक पेट्रोल पंप सहित करीब 300 मकान और दुकानें प्रभावित होंगी। सड़क पर अतिक्रमण के कारण इस मार्ग पर अक्सर जाम की स्थिति बनती है। स्कूली वाहनों, एंबुलेंस, मरीजों और आम जनता को घंटों जाम में फंसे रहना पड़ता है।
लाल निशान लगने के बाद क्षेत्र के रहने वाले लोगों और व्यापारियों में चिंता बढ़ गई है। प्रभावितों के एक प्रतिनिधि मंडल ने नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह से मुलाकात कर आपत्ति दर्ज कराई। व्यापारियों ने कहा कि अचानक की गई कार्रवाई से उन्हें तैयारी का पर्याप्त समय नहीं मिल पा रहा है। इस पर पालिका अध्यक्ष ने उनकी बात सुनने के बाद जिलाधिकारी से समय सीमा बढ़ाने का आग्रह किया है। हालांकि अध्यक्ष का कहना है कि लोग 72 घंटे के भीर अतिक्रमण को स्वेच्छा से हटा लें। समय सीमा समाप्त होते ही जिला प्रशासन अभियान शुरू कर देगा, इससे नुकसान हो सकता है।
जाम की समस्या दूर होगी
यह अभियान शहर की सुविधा, सुरक्षा और सुचारू यातायात के लिए आवश्यक है। अतिक्रमण हटने के बाद सड़क चौड़ी हो जाएगी और लंबे समय से चली आ रही जाम की समस्या काफी हद तक समाप्त हो जाएगी। प्रशासनिक टीम आगामी दिनों में पूरे क्षेत्र की फिर से समीक्षा कर अभियान की शुरुआत करेगी।
- लाल चंद मौर्या, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका बलरामपुर