बलरामपुर। सुबह से ही रुक-रुककर हो रही बारिश से तापमान लुढ़क गया। गर्मी व उमस से राहत मिल गई है तो वहीं कीचड़ व जलभराव से मुश्किलें बढ़ गई है। हालांकि बारिश देख किसानों के चेहरे खिल गए। पानी को तरस रही धान की रोपाई व बोई जा चुकी अन्य फसल को जीवनदान मिल गया है।
जिले में कई स्थानों पर मंगलवार सुबह से ही बरसात शुरू हो गई। तराई में हो रही बरसात ने जहां लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत दिलाया वहीं लोगों की परेशानी भी बढ़ी है। सिविल लाइन मोहल्ले में रोडवेज जाने वाली सड़क पर बने गड्ढ़ों में जलभराव के कारण लोगों की परेशानी बढ़ गई है। वहीं अन्य कई स्थानों कीचड़ व जलभराव के कारण लोग घरों से बाहर निकलने से परहेज करते दिखे। गौरा चौराहा, तुलसीपुर, हरैया सतघरवा, गैसड़ी व उतरौला आदि क्षेत्रों में सोमवार रात से ही आसमान में बादल छाए हैं। इस दौरान मंगलवार सुबह कहीं रिमझिम बरसात तो कहीं फुहारों ने लोगों को सराबोर किया।