बलरामपुर। समग्र शिक्षा अभियान के तहत जिले के परिषदीय विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधारने के उद्देश्य से एकेडमिक रिसोर्स पर्सन (एआरपी) के रिक्त पदों पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। जिले के पांच विकासखंडों में रिक्त नौ पदों के लिए पात्र शिक्षक 25 जुलाई तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। एआरपी पदों पर चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विकास चंद्र श्रीवास्तव ने बताया कि आवेदन केवल निर्धारित ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। जिले में बलरामपुर नगर विकासखंड में एआरपी के पांच पद रिक्त हैं, जबकि रेहरा बाजार, श्रीदत्तगंज, उतरौला और तुलसीपुर विकासखंड में एक-एक पद खाली हैं।
विषयवार रिक्तियों में हिंदी के दो, गणित का एक, विज्ञान का एक, सामाजिक विज्ञान के तीन और अंग्रेजी के दो पद शामिल हैं। बीएसए ने बताया कि चयन प्रक्रिया पूरी तरह मेरिट आधारित होगी। कुल 100 अंकों की चयन प्रक्रिया में लिखित परीक्षा के लिए 70 अंक और साक्षात्कार के लिए 30 अंक निर्धारित किए गए हैं। लिखित परीक्षा में न्यूनतम 60 प्रतिशत अंक प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों को ही साक्षात्कार में शामिल होने का अवसर मिलेगा।
अंतिम चयन लिखित परीक्षा और साक्षात्कार में प्राप्त अंकों के आधार पर तैयार मेरिट सूची से किया जाएगा। आवेदन करने वाले शिक्षकों के पास स्नातक की डिग्री, मान्यता प्राप्त शिक्षक प्रशिक्षण योग्यता और परिषदीय विद्यालय में कम से कम पांच वर्ष का शिक्षण अनुभव होना अनिवार्य है।
चयनित एआरपी का कार्यकाल तीन वर्ष का होगा। इस दौरान उन्हें विद्यालयों में शैक्षिक गुणवत्ता सुधार, शिक्षकों के क्षमता विकास, प्रशिक्षण कार्यक्रमों के समन्वय और अकादमिक अनुश्रवण जैसी जिम्मेदारियां निभानी होंगी।