रेहरा बाजार (बलरामपुर)। स्थानीय थाना क्षेत्र में बिसुही नदी पर अमवा घाट के पास कुछ स्थानीय लोग लकड़ी का अवैध पुल बनाकर राहगीरों से प्रतिमाह लाखों रुपये की अवैध वसूली कर रहे हैं। लकड़ी के इस पुल से जान जोखिम में डालकर नदी पार करने वालों से पांच रुपये से लेकर 20 रुपये तक की वसूली की जा रही है। पैसा न देने पर दंबग राहगीरों से मारपीट भी करते हैं। इसके बाद भी जिम्मेदार अवैध वसूली को बंद कराने की जहमत नहीं उठा रहे।
रेहरा बाजार वन क्षेत्र के बैरिया बीट में बह रही बिसुही नदी को पार करने के लिए अमवा घाट पर कोई स्थाई पुल नहीं हैै। इसी का फायदा उठाते हुए कुछ स्थानीय दबंगों ने नदी पर लकड़ी का अवैध पुल बनाया है। इस पुल के जरिए नदी पार करने वालों से चुंगी के नाम पर अवैध वसूली की जा रही है। बाइक सवार से 20, साइकिल सवार से 10 व पैदल जाने वाले व्यक्ति से पांच रुपये की वसूली की जा रही है। रेहरा बाजार निवासी ज्ञानचंद्र वर्मा ने इसकी शिकायत उतरौला एसडीएम स्वपनिल यादव से की है।
400-500 लोग रोज करते हैं आवागमन
स्थानीय निवासी राम नेवास, रामधीरज, कर्ताराम वर्मा, ज्ञानचंद्र वर्मा, मंशाराम, रामू, चिरकोली व संदीप आदि ने बताया कि इस पुल से रोजाना चार से पांच सौ लोग जान जोखिम में डालकर नदी पार करते हैं। आरोप है कि पैसा न देने पर दबंग राहगीरों से मारपीट करते हैं। बीते दिनों दबंगों ने पैसा न देने पर एक व्यक्ति की साइकिल नदी में फेंक दी थी। नदी पार करने वालों में अधिकतर मनकापुर, गोंडा, मसकनवा, मोतीगंज, झिलाही, मछली बाजार व कुडासन जाने वाले लोग होते हैं।
जल्द ध्वस्त कराया जाएगा पुल
बैरिया बीट में बिसुही नदी पर अमवा घाट पर लकड़ी का अवैध पुल बनाए जाने की जानकारी मिली है। जल्दी ही उस पुल को ध्वस्त कराकर उधर से आवागमन बंद कराया जाएगा।
- विनायक सिंह सेंगर, रेंजर रेहरा बाजार वन क्षेत्र
कराई जाएगी जांच
रेहरा बाजार क्षेत्र में अमवा घाट के पास नदी पर लकड़ी का अवैध पुल बनाकर राहगीरों से वसूली किए जाने की शिकायत मिली है। जांच कर कार्रवाई की जाएगी।
- स्वप्निल यादव, उतरौला एसडीएम