बलरामपुर। गैसड़ी बाजार में फर्जी तरीके से बिना डिग्री के एलोपैथिक क्लीनिक संचालित करने वाले झोलाछाप के खिलाफ मंडलायुक्त ने कार्रवाई की संस्तुति की है। सीएम कार्यालय को आख्या भी भेजी है।
गैसड़ी बाजार में बिना किसी वैध डिग्री के डॉ. जियाउर रहमान के रूही क्लीनिक चला रहा था। स्थानीय लोगों की शिकायत पर 31 अक्तूबर को एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति राय व एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने क्लीनिक की जांच की। जांच में बिना किसी योग्यता के एलोपैथिक इलाज किए जाने का मामला सामने आया। जांच टीम ने मामला गंभीर मानते हुए क्लीनिक को सील करा दिया था। अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) ने मंडलायुक्त को रिपोर्ट भेजी थी। आयुक्त ने रिपोर्ट मुख्यमंत्री को प्रेषित करते हुए क्लीनिक संचालक पर कार्रवाई की संस्तुति की है।
बिना लाइसेंस के चल रहा था क्लीनिक
जांच में पाया गया कि डॉ. जियाउर रहमान बिना लाइसेंस के ही क्लीनिक का संचालन कर रहा है। संचालक के पास एमबीबीएस की डिग्री भी नहीं है। भारी मात्रा में दवाओं के पैकेट, इंजेक्शन, सिरिंज आदि सामग्री बरामद हुई थी। इसमें कई प्रतिबंधित दवाएं भी पाई गई थी।