मूट कोर्ट जीतने वाली राजनंदिनी और उनकी टीम
लखनऊ। वनस्थली विद्यापीठ की छात्रा लखनऊ निवासी राजनंदिनी तिवारी ने अपनी टीम के साथ प्रथम एसजीवीयू नेशनल मूट कोर्ट प्रतियोगिता में पहला स्थान हासिल किया है। टीम को 21 हजार रुपये नकद, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। राजनंदिनी की टीम में चार्वी शर्मा और विशाखा लक्ष्मी शामिल थीं। उन्होंने कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम को हराकर यह सफलता प्राप्त की। दूसरे स्थान पर रही कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी की टीम को 11 हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रमाण पत्र दिए गए। बेस्ट मेंटर और रिसर्चर को पांच-पांच हजार रुपये का पुरस्कार मिला। इस प्रतियोगिता का आयोजन स्कूल ऑफ लॉ, सुरेश ज्ञान विहार यूनिवर्सिटी जयपुर ने किया था। इसमें अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी, सिम्बोसिस लॉ स्कूल पुणे सहित देशभर के प्रमुख संस्थानों की टीमों ने भाग लिया। इसका उद्देश्य कानून के छात्रों में वकालत, शोध और प्रारूपण कौशल विकसित करना था।