बलरामपुर। जिले में संक्रामक और गंभीर बीमारियों की रोकथाम के लिए स्वास्थ्य विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। सघन टीबी अभियान से उच्च जोखिम वाली आबादी की स्क्रीनिंग की जा रही है। इसके साथ ही किशोरियों को सर्वाइकल कैंसर से बचाने के लिए एचपीवी टीकाकरण के प्रति लोगों को जागरूक किया जा रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने बताया कि विश्व टीबी दिवस से शुरू हुए विशेष अभियान के तहत 80 वर्ष से अधिक आयु के बुजुर्गों, पूर्व टीबी मरीजों, कुपोषित व्यक्तियों, मधुमेह रोगियों समेत संवेदनशील वर्गों की जांच कराई जा रही है। स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर और विभिन्न संस्थानों में कैंप लगाकर संभावित मरीजों की पहचान कर रही हैं। लक्षण मिलने पर तत्काल जांच और पुष्टि होने पर उपचार कराया जा रहा है। जिन लोगों में बीमारी की पुष्टि नहीं होती लेकिन संक्रमण का खतरा अधिक है, उन्हें प्रिवेंटिव थेरेपी दी जा रही है। सीएमओ ने बताया कि लगातार खांसी, बुखार, वजन कम होना जैसे लक्षण नजर आने पर तत्काल नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र पर जांच करानी चाहिए। वहीं जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार शुक्ला ने बताया कि जिले में 14 से 15 वर्ष की किशोरियों के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान चलाया जा रहा है। सीएमओ ने अभिभावकों, शिक्षकों और स्वास्थ्य कर्मियों से अपील किया है कि किशोरियों को अनिवार्य रूप से टीका लगवाएं। उन्होंने बताया कि यह वैक्सीन जनपद के सभी सीएचसी और जिला अस्पताल में मुफ्त उपलब्ध है।