बलरामपुर। महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तीकरण को लेकर शनिवार को जिले के सभी थाना क्षेत्रों में मिशन शक्ति अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में चौपाल लगाकर महिलाओं और बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा उपायों की जानकारी दी।
मिशन शक्ति टीमों ने ग्राम चौपाल और जनसंवाद कार्यक्रमों के माध्यम से महिलाओं की समस्याएं सुनीं। संबंधित समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी निस्तारण के लिए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इस दौरान दहेज प्रथा, बाल विवाह, घरेलू हिंसा, महिला सुरक्षा और साइबर अपराध से बचाव के उपायों के बारे में जागरूक किया गया। बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के प्रति भी सजग किया गया।
मिशन शक्ति अभियान के नोडल प्रभारी एवं अपर पुलिस अधीक्षक विशाल पांडेय ने बताया कि बाल विवाह और दहेज प्रथा सामाजिक कुरीतियां होने के साथ-साथ दंडनीय अपराध भी हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे मामलों में पुलिस गंभीरता से कार्रवाई करती है और पीड़ितों की शिकायतों के त्वरित निस्तारण का प्रयास किया जाता है।