बलरामपुर। उत्तर प्रदेश मिलेट्स पुनरोद्धार कार्यक्रम के तहत कृषि विभाग ने शुक्रवार को श्री अन्न मोटा अनाज मिलेट्स जिला स्तरीय रोड शो का आयोजन किया। रोड शो में शामिल कृषि विभाग के कर्मचारियों, समूह की महिलाओं व एफपीओ के सदस्यों ने लोगों को मोटे अनाज का सेवन व उसकी खेती को बढ़ावा देने के लिए प्रेरित किया।
कलेक्ट्रेट से रोड शो को जिलाधिकारी अरविंद सिंह ने झंडी दिखाकर रवाना किया। डीएम ने कहा कि मोटा अनाज पोषक तत्वों का खजाना है। इस दौरान हमने भी मन में ठाना है, श्री अन्न अपनाना है, का नारा भी गूंजता रहा। रोड शो नगर के प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि भवन कार्यालय पहुंचा।
मौजूद उप निदेशक कृषि नरेंद्र कुमार ने बताया कि बाजार, रागी, कोदो व सांवा आदि मोटे अनाज की खेती करना आसान तथा कम उपजाऊ भूमि में भी आसानी से कर किसान अपनी आय को बढ़ा सकता है। इस अवसर पर परियोजना निदेशक सीपी श्रीवास्तव, जिला कृषि अधिकारी आरपी राना, उप संभागीय कृषि प्रसार अधिकारी डॉ. सूबेदार यादव, कन्हई, राजेंद्र सहित तमाम लोग मौजूद रहे।