बलरामपुर के तुलसीपुर तहसील में हुआ जलभराव
- फोटो : File photo
बलरामपुर। जिले में दो दिनों से जारी बारिश का सिलसिला सोमवार को भी जारी रहा। जिला मुख्यालय समेत कई क्षेत्रों में दिनभर रुक-रुककर झमाझम बारिश हुई। जलभराव से शहरवासी परेशान हुए।
लगातार बारिश के कारण नगर के कई मोहल्लों में जलभराव की समस्या भी सामने आई। सिविल लाइंस निवासी मयंक और उमेश ने बताया कि नालियां जाम होने के कारण बारिश का पानी नहीं निकल पाता है। इससे कई जगह जलभराव हो गया और लोगों को परेशानी उठानी पड़ी। कई घंटे हुई बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। ललिया के किसान सत्येंद्र मिश्र और रेहरा बाजार के रामजीत, सीताराम, अकबाल, सरदाहे व रामराज ने बताया कि बारिश से धान और गन्ने की फसलों को काफी फायदा हुआ है। किसानों का कहना है कि इसी तरह बारिश होती रही तो फसलों की बढ़वार अच्छी होगी। क्षेत्र के किसानों मो. सलीम, हसन मोहम्मद, राकेश शुक्ल, धर्मेंद्र कुमार और राजेश वर्मा ने बताया कि बारिश फसलों के लिए लाभकारी है। वहीं तुलसीपुर तहसील परिसर में बारिश के बाद जलभराव हो गया। अधिवक्ता महेंद्र सिंह ने बताया कि तहसील परिसर स्थित उनके चैंबर में पानी भर गया, जिससे कामकाज प्रभावित हुआ।
-
शिव मंदिर पर बिजली गिरने से ढहा गुंबद
बलरामपुर। ललिया क्षेत्र के बनकसिया गांव में बारिश के दौरान शिव मंदिर पर बिजली गिरने से गुंबद ढह गया। घटना के समय मंदिर में 15-20 श्रद्धालु मौजूद थे, लेकिन गनीमत रही कि सभी बाल-बाल बच गए। वहीं, लगातार हो रही बारिश से धान और गन्ने की फसलों को पर्याप्त पानी मिलने से किसानों के चेहरे खिल गए हैं। बिजली गिरने से मंदिर का गुंबद पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। तेज आवाज के साथ बिजली गिरने से श्रद्धालुओं में अफरा-तफरी मच गई। मंदिर के पुजारी प्रहलाद शुक्ल ने बताया कि वज्रपात से मंदिर का गुंबद क्षतिग्रस्त हुआ है। यदि बिजली कहीं और गिरती तो बड़ा हादसा हो सकता था।
बलरामपुर के तुलसीपुर तहसील में हुआ जलभराव- फोटो : File photo