बलरामपुर। जिले में उर्वरक विक्रेताओं की मनमानी पर अंकुश लगाने और किसानों को समय पर खाद की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के उद्देश्य से कृषि विभाग ने शनिवार को छापेमारी की। इस दाैरान शिकायत मिलने पर कई खुदरा व थोक उर्वरक विक्रेताओं के प्रतिष्ठानों की सघन जांचकर दस्तावेज जब्त किए गए हैं।
जिला कृषि अधिकारी पीसी विश्वकर्मा ने कौवापुर क्षेत्र में स्थित साधन सहकारी समिति, चौधरी किसान सेवा केंद्र इफको ई-बाजार, गौरा चौराहा, विजय ट्रेडर्स और नसीबगंज बाजार स्थित कृष्ण कुमार सिंह के प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की कार्रवाई की। इस दौरान सभी दुकानों पर बिक्री व स्टॉक पंजिका, रेट बोर्ड, स्टॉक बोर्ड तथा पीओएस मशीन की जांच की गई। इस दाैरान संदिग्ध मिलने पर कई दुकानों के दस्तावेज जब्त किए गए। जिला कृषि अधिकारी ने निर्देश दिए कि सभी उर्वरक विक्रेता स्टॉक व बिक्री से संबंधित अभिलेखों का रखरखाव नियमित रूप से करें और प्रत्येक ग्राहक को उर्वरक खरीदने पर रसीद अनिवार्य रूप से दें। जिला कृषि अधिकारी ने चेतावनी दी है कि रेट बोर्ड व स्टॉक बोर्ड न प्रदर्शित करने, अभिलेखों में गड़बड़ी या रसीद न देने जैसी शिकायतें मिलने पर संबंधित उर्वरक विक्रेताओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
किसानों से की गई अपील
कृषि विभाग ने किसानों से अपील की है कि वे अपनी फसल और भूमि की जरूरत के अनुसार ही उर्वरक का क्रय करें और रसीद अवश्य लें। विभाग ने यह भी स्पष्ट किया है कि किसी भी अनियमितता या परेशानी की स्थिति में किसान तत्काल उर्वरक नियंत्रण कक्ष के हेल्पलाइन नंबर 7839882250 पर संपर्क करें।