बलरामपुर। कोरोना वैक्सीन की विश्वसनीयता पर कांग्रेस नेता राहुल गांधी व सपा नेता अखिलेश यादव का बयान समझ से परे है। सत्ता की चाहत में यह लोग कुछ भी बोल रहे हैं। भाजपा की बढ़ती लोकप्रियता इन लोगों को हजम नहीं हो रही है। राहुल गांधी पर उनके पार्टी के वरिष्ठ नेता ही सवाल उठा रहे हैं।
यह बातें बुधवार को नगर के वीर विनय चौराहा स्थित हनुमानगढ़ी मंदिर में श्रीमद्भागवत कथा और श्रीराम जानकी प्रतिष्ठा दिवस समारोह को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय कुश्ती संघ के अध्यक्ष एवं कैसरगंज सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने कहीं। उन्होंने कहा कि यह मंदिर अत्यंत प्राचीन एवं श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या के अध्यक्ष महंत नृत्यगोपाल दास जी महराज से जुड़ा हुआ है।
1989 में इस मंदिर के कुछ भाग पर तत्कालीन सांसद मुन्नन खां ने कब्जा करा दिया था। मंदिर के उत्तराधिकारी महंत महेन्द्र दास एवं उनके सहयोगियों की मदद से मंदिर का वह भाग कब्जा मुक्त हो चुका है और उस पर भव्य गेट का निर्माण कराया गया है।
मंदिर के गेट का लोकार्पण कर और श्रीमद्भागवत कथा के समापन समारोह में शामिल होकर तथा भंडारे का प्रसाद ग्रहण करके मैं खुद धन्य हो गया। पत्रकारों के सवाल पर उन्होंने कहा कि किसान बिल्कुल नाराज नहीं हैं। बलरामपुर चीनी मिल समूह का भुगतान हमेशा अच्छा रहा है।
बजाज ग्रुप के बकाया भुगतान को लेकर सरकार, किसान व मैं खुद चिंतित हूं। महेंद्र दास ने अंगवस्त्र व रामायण भेंटकर सांसद का स्वागत किया। मौके पर सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप सिंह, एसएससी ग्रुप के एमडी धीरेंद्र प्रताप सिंह, राकेश सिंह आदि मौजूद रहे।