बलरामपुर के महराजगंज तराई में सेंटर सील करती टीम ।-स्रोत : विभाग
महराजगंज तराई। क्षेत्र के ललिया रोड पर संचालित राहत हेल्थ केयर एवं मैटरनिटी सेंटर को स्वास्थ्य विभाग की टीम ने बृहस्पतिवार को दोबारा सील कर दिया है। निरीक्षण करने पहुंची विभागीय टीम को अभिलेख न दिखा पाने पर सीज की कार्रवाई की गई है। इससे पहले अस्पताल को सील किया गया था, लेकिन संचालक ने गुपचुप तरीके से अस्पताल का संचालन शुरू कर दिया था।
22 नवंबर 2025 को स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसीएमओ डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव की टीम ने राहत हेल्थ केयर एवं मैटरनिटी सेंटर को सीज किया था। कुछ दिन बात संचालक ने बिना विभागीय कार्रवाई पूरी किए गुपचुप तरीके से सेंटर का संचालन शुरू कर दिया था। इसके बाद भी फिर आसपास के लोगों ने इसकी शिकायत की।
अस्पताल में मरीजों को आशा कार्यकर्ताओं द्वारा कमीशन पर लाने की शिकायत की गई थी। शिकायत को संज्ञान में लेते हुए मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर अपर सीएमओ डाॅ. अजय कुमार शुक्ल व डॉ. बीपी सिंह ने सेंटर में अभिलेख, चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के संबंध में जांच की। जांच के दौरान पंजीकरण से संबंधित अभिलेख मांगने पर संचालक कोई कागजात नहीं दिखा सका। बिना पंजीकरण के सेंटर संचालित पाए जाने पर सीज की कार्रवाई की गई है।