बलरामपुर के बड़ा परेड ग्राउंड में आयोजित मेले का निरीक्षण करते एमएलसी साकेत मिश्रा ।-स्रोत: विभ
बलरामपुर। नगर के बड़ा परेड ग्राउंड में चल रहे स्वदेशी मेले में समूह की महिलाओं व छोटे उद्यमियों के उत्पादों पहचान मिल रही है। स्वदेशी मेले में कुम्हारों के दीये व महिलाओं के रंगीन झालर व झूमर की खूब खरीदारी हो रही है। बुधवार को भी मेले में लोगों की भीड़ उमड़ी।
लैबुड़वा के माटी कलाकार रामरूप ने बताया कि उन्हें उद्योग विभाग से इलेक्ट्रिक चॉक मिला था। उसी से मिट्टी के दीये, गुल्लक व घड़ा आदि बनाकर बेच रहे हैं। स्वदेशी मेले में अब तक 2500 रुपये से अधिक के दीये व गुल्लक बेच चुके हैं। धनतेरस पर और बिक्री होने की उम्मीद है। दुर्गा माता समूह की अंजली ने बताया कि वह घर के गेट पर लगाने वाला झालर व झूमर की बिक्री कर रही हैं। अब तक 3000 रुपये से ज्यादा की बिक्री हो चुकी है। उपायुक्त उद्योग नीरज सिंह ने बताया कि स्थानीय उत्पादों की बिक्री बढ़ाने ही स्वदेशी मेले का आयोजन किया गया है। इस मेले छोटे उद्यमियों को पहचान मिलेगी।
एमएलसी ने लाभार्थियों को बांटे टूल किट
स्वदेशी मेले में बुधवार को मुख्य अतिथि के रूप में विधान परिषद सदस्य (एमएलसी) साकेत मिश्र पहुंचे। सदस्य ने स्टॉल पर लगे उत्पादों की प्रशंसा करते हुए कारीगरों को बधाई दी। कहा कि आपके उत्पादों का मंडल व प्रदेश स्तर पर पहचान मिलने से जिले का मान बढ़ेगा। इसके बाद एमएलसी ने उद्योग विभाग के तहत लाभार्थियों को टूल किट वितरित किए। सीएम युवा योजना के तहत लाभार्थी आसिफ को ऋण का चेक, विश्वकर्मा श्रम सम्मान योजना दर्जी ट्रेड के तहत लाभार्थी पूजा शर्मा को सिलाई मशीन व धोबी ट्रेड के तहत लाभार्थी सुमई को वाशिंग मशीन प्रदान की। इस अवसर पर सीडीओ हिमांशु गुप्त, उद्योग विभाग के अखिलेश सिंह, डॉ. पूजा गौतम व फार्मासिस्ट सुनील कुमार आदि मौजूद रहे।