बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के मानकों पर माड्यूलर पैथालोजी बनकर तैयार हो गया है। जल्द ही पैथोलाॅजी का संचालन शुरू होने की उम्मीद है। इस आधुनिक लैब में मरीजों को सभी प्रकार की जांच की सुविधा मिलेगी। अलग-अलग जांच कराने के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। इंटीग्रेटेड पब्लिक हेल्थ लैब के निर्माण पर राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन से सवा करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत संयुक्त जिला चिकित्सालय की पैथाेलॉजी का उच्चीकरण किया गया है। अस्पताल की पैथाेलॉजी को पब्लिक हेल्थ लैब की तर्ज पर विकसित किया गया है। इस लैब को आधुनिक मशीनों से लैस किया जाएगा। ताकि अस्पताल आने वाले मरीजों को जांच कराने के लिए निजी केंद्रों का सहारा न लेना पड़े। संयुक्त जिला चिकित्सालय बने करीब 10 वर्ष बीत गया, लेकिन अब तक यहां थायराइड व हार्मोन्स आदि की जांच नहीं हो पा रही थी।
अब आधुनिक पैथोलॉजी में एक ही जगह सभी प्रकार के जांच की सुविधा मिलेगी। लैब में डेंगू, चिकनगुनिया, स्क्रबटाइफस, मलेरिया, एक्यूट इंसेफेलाइटिस सिंड्रोम, कालाजार, डायरिया, टीबी समेत सभी संचारी रोगों से जुड़ी जरूरी जांच होगी। इसके अलावा कैंसर, हृदय रोग, मधुमेह, गुर्दा, मोतियाबिंद, अल्जाइमर समेत अन्य सभी गैर संचारी रोगों की जांच भी आसानी से हो सकेगी। संयुक्त जिला चिकित्सालय के सीएमएस डॉ. राजकुमार वर्मा ने बताया कि पैथोलॉजी बनकर तैयार हो गई है। मशीनें स्थापित होने के बाद जल्द ही संचालन शुरू किया जाएगा।